रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 5 से 7 नवंबर को रूस के दौरे पर जाएंगे। वहां पर वह भारत-रूस के 19वें अंतर सरकारी आयोग की बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बैठक में सैन्य और सैन्य तकनीकी सहयोग पर चर्चा होगी। बता दें कि रूस भारत का पुराना और घनिष्ठ मित्र है। इस यात्रा के दौरान रक्षा मंत्री रूस के रक्षा मंत्री जनरल सर्गेइ शोइगु के साथ रक्षा सहयोग के सभी क्षेत्रों के बारे में चर्चा करेंगे। राजनाथ सिंह का कार्यक्रम रूस के उद्योग और व्यापार मंत्री डेनिस मांटोरोव के साथ भारत - रूस रक्षा उद्योग सहयोग सम्मेलन के उद्घाटन के लिए निर्धारित है।
मेक इन इंडिया के तहत इस कांफ्रेंस में भारत और रूस के बीच रक्षा से संबंधित कारोबार को बढ़ाने के लिए नए रास्ते खोजे जाएंगे। राजनाथ सिंह का सेंट पीटर्सबर्ग का दौरा भी निर्धारित है। यहां पर वह सैनिकों और नागरिकों का सम्मान करेंगे जिन्होंने द्धितीय विश्व युद्ध में अपने प्राण न्योछावर किए थे।