श्रीलंका में ईस्टर संडे पर हुए आत्मघाती हमलों और सिलसिलेवार धमाकों में मरने वालों की संख्या 359 हो गई है। श्रीलंका के रक्षा मंत्री रुवान विजयवर्दने का कहना है कि मृतकों में 39 विदेशी भी शामिल हैं। विदेशियों में 17 की पहचान कर ली गई है और इनके शवों को परिवारों को सौंप दिया गया है। जांच अभी भी जारी है।
वहीं पुलिस प्रवक्ता रुवान गुनसेकेरा ने बताया कि व्यापाक तलाश अभियान चलाया गया और इस संबंध में मंगलवार को कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। गुनासेकेरा ने कहा, "मरने वालों की संख्या 359 पर पहुंच गई है।"
इस्लामिक स्टेट ने द्वीप राष्ट्र में हुए इन घातक हमलों की जिम्मेदारी ली और हमलों को अंजाम देने वाले आत्मघातियों की पहचान भी की है। ईस्टर के मौके पर गिरजाघरों और होटलों को निशाना बनाकर किए गए हमलों को सात आत्मघाती हमलावरों ने अंजाम दिया था। वहीं हमले में घायल लोगों की संख्या 500 बताई जा रही है।
बता दें आतंकी हमले के करीब 56 घंटे बाद आतंकी संगठन आईएस ने इसकी जिम्मेदारी ली। उसने सभी आठों हमलावरों का वीडियो जारी किया। जिसमें हमलावर बगदादी की कसम खाकर न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च की दो मस्जिदों पर हुए हमलों का बदला लेने की बात कर रहे हैं। वीडियो में सभी हमलावर आईएस की ड्रेस में दिख रहे हैं।
इससे पहले श्रीलंका के रक्षा मंत्री ने ये भी कहा था कि शुरुआती जांच में पता चला है कि क्राइस्टचर्च का बदला लेने के लिए श्रीलंका के चर्चों और होटलों में धमाके किए गए। स्थानीय संगठन तौहीद जमात ने भी इन हमलों की जिम्मेदारी ली है। बिना विदेशी नेटवर्क की मदद से इसे अंजाम नहीं दिया जा सकता था। गौरतलब है कि बीते 15 मार्च को क्राइस्टचर्च की दो मस्जिदों में एक सनकी शख्स के हमले में 50 लोग मारे गए थे।