भारत के पड़ोसी देश म्यांमार में एक भीषण धमाके में 55 लोगों की मौत हो गई। यह धमाका उस समय हुआ, जब खनन के लिए विस्फोटकों का जखीरा स्टोर करके रखा गया था। इसी विस्फोटकों के जखीरे में लापरवाही से धमाका हो गया।
म्यांमार के शान प्रांत में हुए एक भीषण विस्फोट में कम से कम 55 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। स्थानीय मीडिया के अनुसार, हादसा रविवार दोपहर चीन सीमा के निकट नामखाम टाउनशिप के काउंग तात गांव में हुआ। विद्रोही संगठन ताआंग नेशनल लिबरेशन आर्मी (TNLA) ने दावा किया है कि विस्फोट खनन कार्यों के लिए कथित रूप से जमा किए गए विस्फोटक पदार्थों में लापरवाही से हुए धमाके के कारण हुआ।
विज्ञापन
मृतकों में 25 महिलाएं
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, विस्फोट ने पूरे गांव में भारी तबाही मचाई है। मृतकों में 25 महिलाएं और 30 पुरुष शामिल हैं। हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। बचाव दल मलबे में दबे लोगों की तलाश कर रहे हैं, जबकि क्षतिग्रस्त इमारतों और तबाह मकानों से शव निकाले जा रहे हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, विस्फोट में 100 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हो गए। गांव का एक हिस्सा पूरी तरह तबाह हो गया है और अनेक परिवार बेघर हो गए हैं।
टीएनएलए ने जांच के दिए निर्देश
टीएनएलए के राजनीतिक संगठन पलाउंग स्टेट लिबरेशन फ्रंट ने टेलीग्राम पर जारी बयान में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घटना की जांच करने की जानकारी दी। संगठन ने कहा कि विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है और घटना के जिम्मेदार लोगों या संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। टीएनएलए ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया है। वहीं, स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियां नुकसान का आकलन करने में जुटी हैं, जबकि बचावकर्मी हादसे में जीवित लोगों की तलाश में अभियान चला रहे हैं।