दक्षिण अफ्रीका ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुदान को रोकने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खेदजनक फैसले से वह हैरान है। जबकि कोविड-19 महामारी पर अंकुश लगाने के लिए संगठन को अभी सदस्य देशों के अधिक से अधिक सहयोग की जरूरत है।
दक्षिण अफ्रीका के अंतरराष्ट्रीय संबंध एवं सहयोग विभाग ने कहा, डब्ल्यूएचओ के लिए अनुदान में तत्काल प्रभाव से कटौती करने की अमेरिकी राष्ट्रपति की घोषणा को लेकर दक्षिण अफ्रीका हतप्रभ और चिंतित है। बता दें कि ट्रंप ने मंगलवार को कहा था कि वह तब तक संगठन को दी जाने वाली धनराशि रोक रहे हैं जब तक कोरोना वायरस के प्रकोप को संभालने और इसे छिपाने में संयुक्त राष्ट्र की स्वास्थ्य एजेंसी की कथित भूमिका की समीक्षा नहीं हो जाती।