कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में आने वालों की संख्या बढ़कर 41 लाख के पार पहुंच गई है। इस जानलेवा महामारी ने पिछले 24 घंटे में 90 हजार से ज्यादा लोगों को अपने संक्रमण की जद में लिया है, जबकि 5 हजार से ज्यादा लोग मौत का शिकार हो गए हैं। वैश्विक स्तर पर करीब 212 देशों में फैल चुके संक्रमण से अब तक कुल 2.82 लाख लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें से करीब 80 फीसदी हिस्सेदारी यूरोप और अमेरिका की है। एशिया महाद्वीप में भी इस संक्रमण का कहर फैला हुआ है, लेकिन यहां यह संक्रमण कम जानलेवा साबित हुआ है।
दुनिया में संक्रमितों की संख्या रविवार शाम तक 41,53,293 हो चुकी थी, जबकि 2,82,743 लोगों की मौत हो चुकी थी। आंकड़ों के मुताबिक, इस बीमारी की चपेट में आने के बाद 14,65,614 आदमी ठीक हो चुके थे। यूरोप कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित महाद्वीप है, जहां 16,99,566 संक्रमित मिल चुके हैं, जबकि 1,54,313 लोगों की जान जा चुकी है। यूरोपीय देशों में सबसे ज्यादा मौत ब्रिटेन में हुई हैं, जहां 31,587 लोग मारे जा चुके हैं। इसके बाद इटली में 30,395, स्पेन में 26,621 और फ्रांस में 26,310 लोगों की मौत हुई है। यूरोप से बाहर संक्रमण का सबसे भयंकर कहर अमेरिका ने झेला है, जहां 13,49,599 लोगों में अब तक संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है और 80,101 लोग मौत का शिकार हो चुके हैं। एशिया में संक्रमण का सबसे ज्यादा कहर ईरान में रहा है, जहां 1,07,603 मामले संक्रमण के मिले हैं और 6640 लोगों की मौत हो चुकी है।