भारत-अमेरिका सहयोग पर जोर देते हुए अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने बुधवार (स्थानीय समयानुसार) को कहा कि अमेरिका वैश्विक महामारी कोरोना वायरस से लड़ने में भारत को बेहतरीन कार्यप्रणाली और जानकारी साझा कर रहा है।
पोम्पियो ने कहा कि कोरोना वायरस ने दुनिया में भयंकर तबाही मचाई हुई है, इसलिए ट्रंप प्रशासन भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान जैसे मुल्कों के साथ मिलकर इस वायरस पर बेहतरीन कार्यप्रणाली और जानकारी साझा करने के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें भारत-प्रशांत क्षेत्र में अमेरिका द्वारा किए गए कार्यों को लेकर खास तौर गर्व महसूस हो रहा है।
अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि अमेरिकी सरकार ने कोविड-19 से निपटने के लिए प्रशांत महासागर में स्थित द्वीपीय देशों को 32 मिलियन डॉलर से ज्यादा की राशि मुहैया कराई है। उन्होंने कहा कि हम बर्मा की सरकार, संयुक्त राष्ट्र, गैर सरकारी संगठनों और अन्य लोगों के साथ काम कर रहे हैं, ताकि बर्मा में कोविड-19 के प्रसार को रोका जा सके।
पोम्पियो ने कहा कि हम भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान, न्यूजीलैंड, कोरिया गणराज्य और वियतनाम में अपने दोस्तों के साथ मिलकर बेहतरीन कार्यप्रणाली और जानकारी साझा करने के लिए काम कर रहे हैं ताकि वैश्विक अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाया जा सके।
विदेश मंत्री ने कोरोना मरीजों के इलाज के लिए उपयोग की जाने वाली महत्वपूर्ण चिकित्सा आपूर्ति पर निर्यात प्रतिबंध हटाने के लिए भारत की तरफ इंगित किया। पोम्पियो ने कहा कि हमारी बातचीत में निश्चित रूप से वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाएं, उन्हें सुचारू रूप से चलाना और हमारी अर्थव्यवस्थाओं को पूरी ताकत के साथ पटरी पर लाना शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि हमें यह सोचते हुए इन आपूर्ति श्रृंखलाओं का पुनर्गठन करना चाहिए कि इस तरह की घटना से भविष्य में बचा जा सके। हमारे काम का एक उदाहरण भारत के साथ है। इसने महत्वपूर्ण चिकित्सा आपूर्ति पर निर्यात प्रतिबंध को हटा दिया, जिसमें कोविड-19 रोगियों के उपचार के लिए उपयोग की जाने वाली कुछ दवाइयां भी शामिल थी।
गौरतलब हो कि हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन के प्रमुख निर्माता भारत ने 55 देशों को दवा की आपूर्ति करने का वादा किया है, जिसमें भूटान, बांग्लादेश, मालदीव, श्रीलंका और म्यांमार भी शामिल हैं। कोविड-19 थेरेपी में जिस दवा का उपयोग किया जा रहा है, वह पहले ही संयुक्त राज्य अमेरिका, अफगानिस्तान, मॉरीशस, कजाखिस्तान, ब्राजील और सेशेल्स पहुंच चुकी है।