दुनिया के तमाम देशों में आर्थिक मंदी के संभावित खतरे के बीच कोरोना संकट का असर नेपाल की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ने जा रहा है। एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) ने नेपाल की अर्थव्यवस्था के लिए खतरनाक संकेत दिए हैं और कहा है कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए यह आशंका है कि नेपाल की जीडीपी में और गिरावट आएगी और यह 5.3 फीसदी रह जाएगी।
पिछले वित्त वर्ष यानी 2018-19 में नेपाल की जीडीपी 7.3 फीसदी थी। एडीबी ने पहले कहा था कि इस साल नेपाल की जीडीपी 6.3 फीसदी रह सकती है, लेकिन अब अपनी ताजा रिपोर्ट में उसने कोरोना संकट की वजह से इसे और नीचे गिरने के संकेत दिए हैं।
कोविड-19 फैलने के बाद से ये किसी भी अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय संस्थान की तरफ से जारी की गई पहली रिपोर्ट है। इसमें कहा गया है कि खासकर 24 मार्च के बाद से हुआ लॉकडाउन नेपाल की अर्थव्यवस्था के लिए बेहद नुकसानदेह साबित होगा। जबकि नेपाल सरकार ने इस बार अपनी जीडीपी का लक्ष्य 8.5 फीसदी का तय किया था।
रिपोर्ट में इस गिरावट के पीछे उद्योग और सेवा क्षेत्र में कामकाज का बंद होना बताया है। पहले ही यहां मॉनसून के देर से आने, फसलें खराब होने और खासकर चावल की फसलों पर इसका सबसे बुरा असर होने की वजह से अर्थ्व्यवस्था पर बुरा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही थी, अब कोरोना और लॉकडाउन ने हालात और चिंताजनक बना दिए हैं।
नेपाल का पर्यटन उद्योग इस समय पूरी तरह खत्म हो गया है और होटल व्यवसाय से लेकर तमाम जगहों पर इसका सीधा असर दिखाई दे रहा है।