दुनिया में कोरोना की वजह से पिछले कई महीनों से मंदे पड़े कारोबार और बिगड़े आर्थिक हालात को लेकर जो आशंकाएं जताई जा रही हैं, ऐसे में बांग्लादेश के लिए एक राहत भरी खबर आ रही है। एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) ने भरोसा जताया है कि कोरोना की वजह से यहां की अर्थव्यवस्था को कोई नुकसान नहीं पहुंचने जा रहा।
यह भविष्यवाणी की जा रही है कि मौजूदा वित्त वर्ष में बांग्लादेश की जीडीपी में 7.8 फीसदी का इजाफा होगा, जबकि बांग्लादेश ने अपना लक्ष्य 8.2 फीसदी का रखा है। एडीबी की रिपोर्ट के हवाले से इसके निदेशक मनमोहन परकाश ने कहा है कि जब दुनिया आर्थिक मंदी की तरफ जाती दिख रही है, ऐसे में बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था लगातार बेहतर दिशा में जा रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक 2021 में बांग्लादेश की जीडीपी में 8 फीसदी का इजाफा होने की संभावना है। आर्थिक हालात और जीडीपी को लेकर ये रिपोर्ट किसी भी देश की राजनीतिक स्थिरता, उपभोक्ताओं और निवेशकों के आत्मविश्वास, आयात-निर्यात के हालात और मौसम की स्थिति आदि को देखकर तैयार की जाती है। इसके तहत कोविड-19 को लेकर ज्यादा खतरा नजर नहीं आ रहा है।
एडीबी के निदेशक ने कहा है कि दुनिया भर में कोविड-19 को लेकर जो स्थिति है उससे बांग्लादेश की जीडीपी पर महज 0.2 से 0.4 फीसदी की गिरावट की आशंका है, लेकिन बांग्लादेश ने फिलहाल इस महामारी को फैलने से रोकने में जो कारगर कदम उठाए और एहतियात बरते उससे लगता है कि आने वाले वक्त में उसकी स्थिति बाकी देशों के मुकाबले अर्थव्यवस्था के मामले में काफी बेहतर रहेगी।