दुनियाभर के लोग कोरोना वायरस संकट से जूझ रहे हैं। वर्ल्डोमीटर के मुताबिक, पूरी दुनिया में कोरोना से चार लाख 18 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है और 74 लाख 52 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं जबकि 37 लाख 49 हजार से ज्यादा लोगों ने कोरोना को मात दे दी है। वहीं, सबसे ज्यादा प्रभावित देश अमेरिका में कोरोना से एक लाख 15 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और 20 लाख 66 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। यहां पढ़ें दुनियाभर में कोरोना से संबंधित सभी अपडेट्स...
राजधानी बीजिंग में 56 दिन बाद कोरोना का पहला केस, चीन में 16 नए मामले
चीन की राजधानी बीजिंग में 56 दिन बाद कोरोना संक्रमण का पहला मामला सामने आया है। वहीं, चीन में 16 नए मामले दर्ज किए गए। देश में अब तक 83,057 मामले सामने आ गए हैं। 78,361 मरीज डीस्चार्ज हो गए हैं और 4,634 लोगों की मौत हो गई है।
नेपाल में आज 250 नए मामले
नेपाल स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में आज 250 मामले और रिपोर्ट किए गए। यहां कुल संक्रमितों की संख्या 4614 हो गई है।
दक्षिण कोरिया में संक्रमण के 45 नए मामले
दक्षिण कोरिया के रोग नियंत्रण एवं रोकधाम केन्द्र के अनुसार, गुरुवार को देश में संक्रमण के 45 नए मामले सामने आए हैं। मई के अंत से देश में प्रतिदिन करीब 30 से 50 नए मामले सामने आ रहे हैं।
देश में कोविड-19 के संक्रमण के कुल मामले 11,947 हो गए हैं और 276 लोगों की मौत हो चुकी है।
अधिकतर लोग संक्रमण से उबर चुके हैं लेकिन इस सप्ताह सामने आए मामलों के बाद उन मरीजों का आंकड़ा 1,000 पार कर गया, जिनका अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
मई के दूसरे हफ्ते में ही संक्रमण के मामलों में कमी आ गई थी लेकिन अब स्थिति खतरे का संकेत दे रही है।
रूस में संक्रमितों की संख्या पांच लाख के पार
रूस में कोरोना संक्रमण के 8,779 नए मामले सामने आए। इसके बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या पांच लाख के पार हो गई है।
तुर्की ने अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा शुरू की
तुर्की ने कोरोना वायरस महामारी की वजह से 28 मार्च से बंद अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा को दोबारा शुरू कर दिया है।
तुर्की एयरलाइन की सहायक शाखा अनादोलु जेट का एक विमान इस्तांबुल के साबीहा गोककेन हवाई अड्डे से लंदन के लिए गुरुवार सुबह आठ बजकर 40 मिनट पर रवाना हुआ।
इससे पहले विमान एम्सटर्डम और जर्मनी के ड्यूसेलडोर्फ के लिए रवाना हुआ।
इसी बीच शहर के दूसरे हवाई अड्डे से भी तुर्की एयरलाइन का विमान ड्यूसेलडोर्फ के लिए रवाना हुआ।
विज्ञापन
पीएमएल-एन प्रमुख शहबाज शरीफ कोरोना वायरस से संक्रमित
पाकिस्तान में विपक्षी पार्टी मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के प्रमुख शहबाज शरीफ कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। उधर, देश में
कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 119,536 हो गई है।
पीएमएल-एन नेता अताउल्लाह तरार ने 68 वर्षीय शहबाज के संक्रमित होने की गुरुवार को पुष्टि की।
उन्होंने दावा किया कि शहबाज धनशोधन के एक मामले में नौ जून को राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) के सामने पेश हुए थे और वह वहीं से संक्रमित हुए हैं।
चीन में कोरोना वायरस संक्रमण के 15 नए मामले
चीन में कोरोना वायरस संक्रमण के 15 नए मामले सामने आए हैं जिनमें से 11 ऐसे लोग हैं जो विदेश से लौटे हैं।
चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) के अनुसार चीन में बाहर से लौटने वाले 11 लोग बुधवार को कोरोना वायरस से संक्रमित मिले हैं। इनमें से छह शंघाई, तीन ग्वांगदोंग और एक-एक तियानजीन और फुजियान से हैं।
एनएचसी की ओर से जारी नियमित जानकारी के मुताबिक चीन के मुख्य भूभाग में स्थानीय संपर्क के प्रसार से संक्रमण का मामला सामने नहीं आया है।
अमेरिका में सितंबर तक दो लाख लोगों की मौत की आशंका
अमेरिका में भारतीय मूल के एक जाने-माने प्रोफेसर ने सचेत किया है कि इस साल सितंबर तक देश में कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के कारण मरने वालों की संख्या दो लाख तक पहुंच सकती है।
कोविड-19 के मामलों में बड़ी गिरावट की उम्मीद करना ख्याली पुलाव पकाने के समान होगा।
हार्वर्ड में ‘ग्लोबल हेल्थ इंस्टीट्यूट’ के प्रमुख आशीष झा ने बुधवार को सीएनएन से कहा कि वह लोगों को घर में रहने के लिए डराने की कोशिश नहीं कर रहे हैं।
वह लोगों से मास्क पहनने, सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करने और जांच की संख्या बढ़ाने एवं संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए लोगों का पता लगाने के लिए बुनियादी ढांचा मजबूत करने की अपील कर रहे हैं।
दक्षिण कोरिया में कोरोना वायरस संक्रमण के 45 नए मामले आए सामने
दक्षिण कोरिया में कोरोना वायरस संक्रमण के 45 नए मामले सामने आए हैं।
गुरुवार को घोषित आंकड़ों के अनुसार देश में अब तक कुल 11,947 लोग संक्रमित हुए हैं, जिनमें से 276 लोगों की मौत हो चुकी है।
देश की राजधानी सियोल में संक्रमण के 21 नए मामले सामने आए हैं।
दक्षिण कोरिया में मई के अंत से रोजाना 30 से 50 नए मामले सामने आ रहे हैं। इनमें से अधिकतर मामले घनी आबादी वाले सियोल में सामने आए हैं।
डिज्नीलैंड ने 17 जुलाई से थीम पार्क खोलने की घोषणा की
डिज्नीलैंड ने कैलिफोर्निया स्थित अपना थीम पार्क 17 जुलाई से खोलने की घोषणा की है।
कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए इसे लगभग तीन महीने पहले बंद किया गया था।
कंपनी ने कहा कि डाउनटाउन डिज्नी डिस्ट्रिक्ट नौ जुलाई से खुलेगा। उसने कहा कि देश में अपने सभी स्थलों को वह चरणबद्ध तरीके से खोलना शुरू करेगी।
उसने कहा कि सरकारी नियमों का पालन करने और सामाजिक दूरी के लिए थीम पार्क में कम लोगों को प्रवेश दिया जाएगा और डिज्नीलैंड रिसॉर्ट में नई थीम पार्क आरक्षण प्रणाली के जरिए लोगों की उपस्थिति का ख्याल रखा जाएगा।
इसके लिए सभी आगंतुकों को पार्क में प्रवेश के लिए पहले से आरक्षण करवाना होगा।