नियोकोव को लेकर अभी औरअध्ययन जरूरी : डब्ल्यूएचओ
डब्ल्यूएचओ ने चीनी विशेषज्ञों द्वारा पता लगाए गए नए वायरस ‘नियोकोव’ को लेकर कहा है कि इस पर अभी और अध्ययन की जरूरत है। डब्ल्यूएचओ ने कहा, दक्षिण अफ्रीकी चमगादड़ों में पाया जाने वाला यह वायरस फिलहाल पशुओं में तेजी से फैल रहा है। लेकिन चीनी शोधकर्ताओं के इस निष्कर्ष दिया है कि यह भविष्य में इनसानों के लिए भी खतरनाक है। इस पर डब्ल्यूएचओ ने कहा कि इस वायरस के इनसानों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर अभी और अध्ययन की जरूरत है।
सिंगापुर में ओमिक्रॉन के उप-स्वरूप के 198 केस
सिंगापुर में ओमिक्रॉन के उप-स्वरूप बीए. 2 के 198 मामले मिले हैं। ये सब वैरिएंट बीए.1 के मुकाबले ज्यादा तेजी से फैल रहे हैं। अस्पतालों से जारी आंकड़ों के मुताबिक, इनमें से 150 मामले विदेशी मरीजों से आए हैं जबकि 48 मामले स्थानीय स्तर पर फैले हैं। रिपोर्ट के अनुसार, सिंगापुर में हर दिन कोरोना के हजारों मामले आने के बाद भी अस्पतालों की स्थिति सामान्य है।
पाबंदियों के चलते पाकिस्तानी श्रद्धालुओं की भारत यात्रा में देरी हुई : हिंदू सांसद
पाकिस्तान की सत्तारूढ़ पार्टी के प्रमुख हिंदू सांसद डॉ. रमेश कुमार वंकवानी ने कहा है कि उनकी धार्मिक पर्यटन पहल के तहत पाक प्रतिनिधिमंडल की भारत यात्रा में देरी हुई है। उन्होंने बताया कि इसका कारण यह रहा कि नई दिल्ली को कोविड-19 संबंधी पाबंदियों के चलते पर्यटकों के लिए उचित व्यवस्था का समय चाहिए था।
उनका यह बयान तब आया जब भारत ने शुक्रवार को कहा कि उसने इस संबंध में ‘सकारात्मक रुख’ अपनाया है और वह इस पर इस्लामाबाद के साथ संवाद को इच्छुक है। अब पाक हिंदू काउंसिल के प्रमुख संरक्षक व इमरान की पार्टी के सांसद ने कहा कि यात्रा में विलंब हुआ है लेकिन यह रद्द नहीं हुई है। उन्होंने लोगों से इस यात्रा के लिए पंजीकरण कराने का भी अनुरोध किया।