अमेरिका में सामाजिक दूरी के कई सख्त नियम एक मई तक लागू हैं जिसके चलते 95 फीसदी से अधिक आबादी घरों में बंद है। जबकि मौजूदा महामंदी 1930 में के स्तर को छू चुकी है। उधर, देश में बेरोजगारी भत्ते के लिए भी 2.6 करोड़ से ज्यादा अमेरिकी आवेदन कर चुके हैं, जो बढ़कर चार करोड़ हो सकते हैं। ऐसे में ट्रंप ने चरणबद्ध ढंग से देश की अर्थव्यवस्था को खोलने का समर्थन किया है।
इस गहराते आर्थिक संकट का मुकाबला करने के लिए अमेरिकी संसद ने करीब 484 अरब डॉलर के पैकेज को भी मंजूरी दे दी है। ट्रंप ने संकेत दिए कि सख्त दिशा निर्देश एक मई के बाद भी जारी रह सकते हैं, लेकिन अर्थव्यवस्था को धीरे-धीरे खोलना बेहद जरूरी है। राष्ट्रपति विश्व बैंक और अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष के 2020 में नकारात्मक वृद्धि के अनुमान को लेकर भी चिंतित हैं।
मौजूदा हालातों में कोरोना वायरस के कारण हर छह में से एक अमेरिकी कर्मचारी को नौकरी से हाथ धोना पड़ रहा है। ट्रंप ने कहा कि वैश्विक महामारी के कारण हम भारी नुकसान झेल रहे हैं, लेकिन यह और जारी नहीं रह सकता। हालांकि ट्रंप और उनके समर्थकों ने भी ‘ओपन अमेरिका ओपन’ नाम से आंदोलन चलाया हुआ है। साथ ही कई राज्यों की राजधानियों में नाराज लोगों ने रैलियां निकालकर व्यापार दोबारा शुरू करने की मांग शुरू कर दी है।
अर्थव्यवस्था को दोबारा खोलना बेहद जरूरी : ट्रंप
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में कहा, हमारा अर्थव्यवस्था को सुरक्षित तथा चरणबद्ध तरीके से फिर से खोलना उत्साहजनक रहेगा, लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि हम किसी भी तरीके से कोई ढिलाई बरतें। उन्होंने बताया कि अब अर्थव्यवस्था को खोलना बेहद जरूरी है क्योंकि 23 राज्यों में नए मामले कम हुए हैं।
40 प्रतिशत अमेरिकी काउंटी में नए मामलों में तेजी से गिरावट आ रही है। इसके साथ ही 46 राज्यों ने कोरोना वायरस जैसे लक्षण वाले मरीजों की संख्या में कमी दर्ज की है। इस बीच उप राष्ट्रपति माइक पेंस ने बताया कि देश के 16 राज्यों ने अर्थव्यवस्था को फिर से खोलने के लिए योजनाएं जारी कर दी हैं।
संक्रमण के बावजूद कई राज्यों में ढील की योजना
कुछ राज्यों ने स्वास्थ्य अधिकारियों की चेतावनी के बावजूद लॉकडाउन में ढील की योजना तैयार कर ली है, जबकि संक्रमण की आशंका के चलते ऐसा करना ऐसा करना जल्दबाजी हो सकता है। ऐसे राज्यों में न्यूयॉर्क मैट्रो क्षेत्र, न्यूजर्सी, कनेक्टिकट, डेट्रायट और न्यू ओर्लींस शामिल हैं। उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी छोटे कारोबारियों और लाखों श्रमिकों को सहायता का भरोसा दिया है।