कोरोना की चुनौतियों से पार पाने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष स्कॉट मॉरीशन से बात की। फोन से हुई बातचीत में दोनों नेताओं ने कोरोना के संक्रमण को रोकने के अपनी सरकारों द्वारा उठाए गए कदमों का जिक्र किया। दोनों ने इस महामारी के रोकथाम के लिए अपनी सरकारों के घरेलू स्तर पर बनाई गई रणनीतियों को भी साझा किया।
न्यूयॉर्क में चार भारतीयों की मौत
कोरोना से न्यूयॉर्क में चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है। मलयाली प्रवासी संगठन केरल एसोसिएशन इन नॉर्थ अमेरिका के मुताबिक, इनकी पहचान 65 वर्षीय इलियम्मा कुरियाकोसे, 51 वर्षीय थैंकचन एनचेनट्टू, 45 वर्षीय अब्राहम सैमुअल और 21 वर्षीय शॉन अब्राहम के रूप में हुई है। एजेंसी
जहाज पर संक्रमण की चिंता जताने वाले नेवी कमांडर, हटाए गए
अमेरिका में नौसेना के जंगी विमान ढोने वाले रूजवेल्ट जहाज के कमांडर ब्रेट क्रोजियर को हटा दिया गया है। नौसेना के बेहद प्रतिभावान कमांडर क्रोजियर ने जहाज पर कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर चिंता जताई थी।
इटली में पिछले 24 घंटे में कुल 636 मौत के मामले सामने आए हैं जो पिछले दो सप्ताह के दौरान सबसे कम हैं। कुल संख्या 16523 पहुंच गई है। फ्रांस में एक सप्ताह में सोमवार सुबह तक सबसे कम मौत के आंकड़े सामने आए हैं वहीं, कुल 8911 लोगों ने जान गंवाई है। स्पेन में भी 528 मौतों के साथ लगातार तीसरे दिन आंकड़ा गिरा है।
चेतावनी...दुखी करने वाला होगा मौजूदा सप्ताह: अमेरिकी सर्जन
अमेरिकी सर्जन जनरल जेरोम एडम्स ने चेतावनी दी है कि मौजूदा सप्ताह बहुत दुखी करने वाला होगा। उन्होंने कोरोना संकट की तुलना अमेरिका पर हुए 9/11 आतंकी हमले से भी की। एडम्स ने कहा, यह पर्ल हार्बर पर हुए हमले या 9/11 जैसा हमला होगा। फर्क सिर्फ इतना होगा कि यह पूरे देश में होगा। मैं चाहता हूं कि अमेरिका इसे समझे।
चीन में कोरोना के 39 नए मामले सामने आए हैं जिनमें से 38 मामले ऐसे हैं जहां लोग विदेशों से संक्रमित होकर आए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने सोमवार को नए मामलों पर कोविड-19 संक्रमणों का दूसरा दौर आने की चिंता जाहिर की। जबकि बीजिंग के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने चेताया कि बीजिंग में लंबे समय तक कोरोना वायरस महामारी हावी रह सकती है।
अधिकारी इस बात से भी चिंतित हैं कि इनमें कुछ ऐसे मामले भी हैं जिनमें व्यक्ति संक्रमित तो पाए गए जबकि उनमें कोरोना के लक्षण दिखाई नहीं दिए। अब तक नए मामलों में बिना लक्षणों वाले ऐसे 78 संक्रमण के मामले सामने आए हैं।
चीन ने भारत को भेजे 1.7 लाख निजी सुरक्षा उपकरण
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि चीन ने भारत को सहायतार्थ 1.7 लाख निजी सुरक्षा उपकरण (पीपीई) भेजे हैं। इसके साथ ही पहले से ही मौजूद 20,000 पीपीई सहित कुल 1.9 लाख पीपीई अस्पतालों में बांटे जाएंगे। निजी सुरक्षा उपकरण कोरोना मरीजों के उपचार के लिए बेहद जरूरी है। चीन से मिली मदद के अलावा देश में पहले से ही 3,87,473 पीपीई मौजूद हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि विदेशों से सप्लाई लाइन सोमवार को खोल दी गई और इसी के तहत चीन से भारत सरकार को ये पीपीई प्राप्त हुए हैं।