कोरोना महामारी से अमेरिका को जान-माल के नुकसान के साथ ही आर्थिक स्तर पर भी बड़ी मार झेलनी पड़ रही है। इसी कड़ी में अमेरिकी कांग्रेस के वित्तीय कार्यालय की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह महामारी अमेरिका की अर्थव्यवस्था को 40 फीसदी तक खत्म कर सकती है, संघीय घाटे को तीन खरब डॉलर तक बढ़ा सकती है और साथ ही राष्ट्रीय ऋण को लगभग 27 खरब डॉलर तक पहुंचा सकती है।
कांग्रेस द्वारा चार बड़े कोरोनोवायरस सहायता राशि को सदन में पारित करने और राष्ट्रपति ट्रम्प द्वारा उन्हें मंजूरी मिलने के बाद अमेरिका के राजकोषीय 2020 के कर्ज और घाटे के आंकड़े द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से सबसे अधिक होने की संभावना है।
यही कारण है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार लॉकडाउन को खोलने और व्यापार को शुरू करने की कोशिश में लगे हुए हैं हालांकि वैश्विक महामारी की वजह से हो रही मौतें लगातार ट्रंप की चिंताएं भी बढ़ा रही हैं।
फिलहाल इस जानलेवा महामारी से दुनियाभर में जहां दो लाख से अधिक मौतें हुई हैं, वहीं अमेरिका में अकेले 25 फीसदी यानी की 53,000 से ज्यादा लोगों की जान गई है। यहां संक्रमण के मामले भी दस लाख तक पहुंचने वाले हैं।