कम होती जा रही हैं वायरस को रोकने की संभावनाएं: WHO
विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख टेड्रोस एधानोम घेब्रेयेसस ने शुक्रवार को चेतावनी दी कि कोरोनावायरस के फैलाव को रोकने की संभावनाएं कम होती जा रही हैं। उन्होंने जिनेवा में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अवसर कम होते जा रहे हैं । इसीलिए हमने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से तेजी से कदम उठाने का आह्वान किया है। इनमें वित्तपोषण भी शामिल है।
लेबनान पहुंचा कोरोनावायरस
बेरूत : लेबनान में एक 45 वर्षीय महिला कोरोनावायरस से संक्रमित पाई गई है। यह महिला ईरान होकर यहां आई थी। इसके अलावा दो अन्य संदिग्ध मामलों की जांच की जा रही है।
चीन : कैदियों तक पहुंचा कोरोना, 200 बंदी हुए संक्रमित
चीन की जेलों में कोरोनावायरस के 200 से अधिक मामलों का पता चला है। प्रांतीय स्वास्थ्य आयोग ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि पूर्वी शेडोंग प्रांत में रेनचेंग जेल में सात गार्ड और 200 कैदियों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। इसके अलावा पूर्वी झेजियांग प्रांत के शिलिफेंग जेल में 34 मामलों की पुष्टि हुई है।
चीन में कोरोना से प्रभावित लोगों की संख्या में 1,100 का इजाफा होने से इससे संक्रमित लोगों की कुल संख्या 75,600 से अधिक हो गई है जबकि वैश्विक स्तर पर यह आंकड़ा करीब 77 हजार पर पहुंच गया है। चीन में इस बीमारी के चलते 118 लोगों ने और दम तोड़ दिया। जिससे वैश्विक स्तर पर इसकी चपेट में आकर जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 2,247 हो गई है।
दक्षिण कोरिया में बीते 24 घंटों में कोरोना के मामले हुए दोगुने
दक्षिण कोरिया में कोरोना के नए 48 मामलों का पता चला है। देश में अब 204 लोग इस बीमारी का सामना कर रहे हैं। बीते एक दिन में देश में इस बीमारी से संक्रमित लोगों की संख्या में दोगुना का इजाफा होने से हड़कंप मच गया है। इन 48 मामलों में अकेले 42 मामले दायगू से हैं जबकि राजधानी सोल में केवल दो मामलों का पता चला है।
ईरान में कोरोना से दो और लोगों की मौत हो जाने से यहां इस बीमारी की वजह से जान गंवाने वालों का आंकड़ा चार पर पहुंच गया है। देश में कोरोना से पीड़ित 13 नए मामले भी सामने आए हैं।
डायमंड प्रिंसेस के भारतीयों की हालत बेहतर
टोक्यो : डायमंड प्रिंसेस क्रूज से यहां पहुंचे और कोरोना से संक्रमित आठ भारतीयों की सेहत में अब पहले से सुधार है। टोक्यो दूतावास ने ट्विटर पर बताया कि नया कोई भारतीय मरीज सामने नहीं आया है।