सप्ताहांत में ईद के त्यौहार के बीच ब्रिटेन में सरकार ने सख्त लॉकडाउन नियमों का एलान किया है। स्वास्थ्य मंत्री मैट हेनकॉक ने कहा, हम लोगों को सुरक्षा देने के लिए किसी भी हालत में दृढ़ हैं। स्वास्थ्य व सामाजिक देखभाल विभाग ने माना कि ईद मनाने वालों को ये नियम चोटिल करेंगे, लेकिन वायरस से बचाव जरूरी है। मस्जिदों को खोलने के बीच सख्त नियमों को सरकार ने जरूरी बताया।
ब्राजील : संक्रमण के मामले 26.10 लाख पार
ब्राजील में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 57,837 से अधिक नए मामलों के सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 26.10 लाख पार हो गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 24 घंटों में 1,129 लोगों के कोरोना से मरने के बाद देश में कुल मृतकों की संख्या 91,263 हो गई है।
चीन में कोरोना के कुल 127 नए मामले सामने आए हैं। उइगर मुस्लिम बहुल शिनजियांग प्रांत में संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। नए 127 मामलों में से 123 मामले घरेलू स्तर पर प्रसारित हुए थे जबकि अन्य विदेशी मामले हैं।
मेक्सिको में 46,000 के पार हुई मृतक संख्या
मेक्सिको में कोविड-19 से पिछले 24 घंटों के अंदर 639 लोगों के मरने के बाद वायरस से मरने वालों की संख्या 46,000 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय में महामारी विज्ञान के निदेशक, जोस लुइस अलोमिया ने बताया कि मेक्सिको में कोरोना से अब तक 416,179 लोग संक्रमित हुए हैं।