खतरनाक कोरोना वायरस से पूरी दुनिया के कई देश जूझ रहे हैं। यह वायरस लगातार लोगों की जान ले रहा है। ऐसे में इटली ने बुधवार को 475 लोगों की मौत होने की पुष्टि की है। समाचार एजेंसी एएफपी से मिली जानकारी के मुताबिक यह किसी भी देश में एक दिन में होने वाली मौतों के मामले में सर्वाधिक है।
अमेरिका में पढ़ रहे छात्रों के लिए भारतीय दूतावास ने जारी की एडवायजरी
संयुक्त राज्य अमेरिका में स्थित भारतीय दूतावास ने COVID19 महामारी के मद्देनजर वहां पढ़ रहे भारतीय छात्रों के लिए एडवायजरी जारी की है।
यूनाइटेड किंगडम में शुक्रवार से स्कूल बंद
COVID19 महामारी को देखते हुए यूनाइटेड किंगडम में शुक्रवार से स्कूल बंद करने का फैसला लिया गया है।
पाकिस्तान में पहली मौत
पाकिस्तान ने अपने देश में कोरोनो वायरस के कारण हुई पहली मौत की पुष्टि की है। इसके साथ ही उसके देश में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 289 हो गई है।
कोरोना वायरस के चलते ढाई करोड़ और लोग बेरोजगार हो सकते हैं: संयुक्त राष्ट्र
संयुक्त राष्ट्र ने बुधवार को कहा कि कोरोना वायरस महामारी से दुनियाभर में बेरोजगारी बहुत तेजी से बढ़ेगी और लगभग ढाई करोड़ लोग और बेरोजगार हो सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन ने अपना ताजा अध्ययन जारी करते हुए कहा, 'कोरोना वायरस से उत्पन्न आर्थिक और श्रम संकट के चलते लगभग ढाई करोड़ लोग बेरोजगार हो सकते हैं।' हालांकि संगठन ने कहा कि एक अंतरराष्ट्रीय समन्वित प्रतिक्रिया नीति इस संख्या को "काफी कम" कर सकती है।
कर्मचारियों को 2020 में 3,400 अरब डॉलर के वेतन का नुकसान हो सकता है
संयुक्त राष्ट्र ने बताया है कि कोरोना वायरस के चलते कर्मचारियों को 2020 में 3,400 अरब डॉलर के वेतन का नुकसान हो सकता है।
ट्रंप वायरस से जुड़ी ‘बेहद महत्वपूर्ण’ खबर पर संवाददाता सम्मेलन करेंगे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह नए कोरोना वायरस से संबंधित खाद्य एवं औषध प्रशासन (एफडीए) की बेहद महत्वपूर्ण खबर पर बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन करेंगे। इस बीमारी को अपने ट्वीट में चीनी वायरस कह चुके ट्रंप ने इस बात का खुलासा नहीं किया कि यह संवाददाता सम्मेलन आखिर किस बारे में होगा।
उन्होंने ट्वीट कर बताया कि चीनी वायरस से संबंधित एफडीए की एक बेहद महत्वपूर्ण खबर पर चर्चा के लिये मैं आज एक संवाददाता सम्मेलन करूंगा। एफडीए वह अमेरिकी संस्था है जो दवाओं, टीकों और चिकित्सा उपकरणों के साथ अमेरिका में खाद्य पदार्थों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार है। बता दें कि अमेरिका में कोरोना वायरस के संक्रमण से 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 6,500 पुष्ट मामले सामने आ चुके हैं।
कोरोना वायरस से दुनिया भर में दो लाख से ज्यादा लोग संक्रमित
कोरोना वायरस से दुनिया भर में दो लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। इस बीमारी का प्रकोप दिसंबर में चीन से शुरू हुआ था। समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, बुधवार को अंतरराष्ट्रीय समयानुसार दोपहर एक बजे तक कोरोना वायरस से दुनियाभर में करीब 200,680 संक्रमित हो चुके हैं और 8000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। एएफपी ने राष्ट्रीय अधिकारियों और विश्व स्वास्थ्य संगठन से मिले आंकड़ों से यह गणना की है।
पाकिस्तान में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 250 हुए
पाकिस्तान के सिंध, इस्लामाबाद और खैबर-पख्तूनख्वा प्रांतों में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 250 तक पहुंच गया है। इनमें अधिकतर मामले ईरान से आ रहे जायरीनों से संबंधित हैं। इस्लामाबाद में चार जबकि सिंध में नौ और खैबर-पख्तूनख्वा में तीन नए मामले दर्ज किए गए हैं।
द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की खबर के मुताबिक, 181 मामलों के साथ पाकिस्तान में सिंध सर्वाधिक प्रभावित प्रांत है जबकि पंजाब में 26, खैबर-पख्तूनख्वा में 19, इस्लामबाद में आठ, गिलगित-बाल्तिस्तान में तीन मामले सामने आए हैं।
बलूचिस्तान सरकार ने जहां कुल 16 मामले बताए हैं, वहीं इसके विपरीत संघीय सरकार ने संक्रमितों की संख्या 15 बताई है। पाकिस्तान में सर्वाधिक प्रभावित प्रांत में कोविड-19 के अधिकतर मामले ईरान से लौटे जायरीनों से जुड़े हुए हैं जबकि आधा दर्जन से भी कम मामले स्थानीय संक्रमण के हैं।
यूएई ने अपने नागरिकों के विदेश यात्रा पर प्रतिबंध लगाया
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए अपने सभी नागरिकों के विदेश यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया है। देश की सरकारी न्यूज एजेंसी वाम ने इस बात की जानकारी दी है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, सरकार ने यह कदम देश के नागरिकों को कोरोना वायरस से बचाने के लिए उठाया है। यूएई में कोरोना वायरस से 113 लोग संक्रमित पाए गए हैं।
स्कॉटलैंड और वेल्स ने स्कूलों को बंद किया
स्कॉटलैंड और वेल्स यूनाईटेड किंगडम में पहले ऐसे देश बन चुके है जिन्होंने कोरोना वायरस महामारी के चलते स्कूलों को बंद करने की घोषणा की है। साथ ही अनुमान है कि स्कूल गर्मियों में नहीं खुलेंगे।
कनाडा-अमेरिका की सीमा बंद
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुष्टि की है कि कनाडा और अमेरिका सीमा को गैर जरूरी यातायात के लिए बंद किया जाएगा। ट्रंप ने ट्वीट कर कहा कि हम आपसी सलाह से, कनाडा के साथ लगने वाली सीमा पर गैर जरूरी यातायात के लिए बंद कर रहे हैं। इससे व्यापार प्रभावित नहीं होगा।
सिंगापुर में देश में प्रवेश करने वाले सभी यात्रियों को 14 दिन एकांतवास में रहना अनिवार्य
सिंगापुर की सरकार ने घोषणा की है कि देश में प्रवेश करने वाले सभी यात्रियों को शनिवार से 14-दिवसीय एकांतवास से गुजरना होगा। ये सभी यात्रियों के लिए अनिवार्य है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी यात्रियों के नोटिस जारी कर इस बात की घोषणा की है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि फ्रांस, जर्मनी, इटली, ईरान, कोरिया और स्पेन गणराज्य से प्रवेश करने वाले यात्रियों के लिए प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने के नियम लागू किए जाएंगे।
चीन ने लाखों की संख्या मास्क भेजा फ्रांस
चीन ने फ्रांस को चिकित्सा आपूर्ति भेजी है। जिसमें लाखों की संख्या में मास्क शामिल है। फ्रांस के विदेश मंत्री जीन येवेस ले ड्राइन ने बुधवार को इस संबंध में जानकारी दी है।
चिली में 90 दिनों के लिए आपातकाल लागू
बढ़ते कोरोनोवायरस चिंताओं के बीच चिली के राष्ट्रपति सेबेस्टियन पिएनेरा ने आज से 90 दिनों के लिए आपातकाल की घोषणा कर दी। ला मोनेदा के राष्ट्रपति महल से एक भाषण के दौरान, पिएनेरा ने कहा कि वायरस के प्रसार को रोकने के लिए यह उपाय किया जा रहा था और यह गुरुवार (11 बजे ईटी बुधवार) की आधी रात को लागू होगा। पिएनेरा ने कहा कि इस फैसले से सरकार को सार्वजनिक समारोहों को प्रतिबंधित करने, जरूरत पड़ने पर कर्फ्यू लागू करने और लागू करने की अनुमति मिलेगी।
चीन ने एक लाख कोरोना वायरस जांच किट फिलीपींस को भेजी
कोरोना वायरस से लड़ने के लिए चीन ने फिलीपींस को एक लाख कोरोना वायरस जांच किट भेजी है। साथ ही जरूरी चिकित्सा आपूर्ति भी मनीला रवाना की गई है। फिलीपींस के विदेश सचिव टियोडोरो लोकसीन जूनियर ने इस बात की जानकारी दी है।
यह घोषणा तब की गई है जब हाल ही में लोकसीन ने चीन के विदेश मंत्री वांग यी से इस संबंध में बात की थी। मनीला में स्थित चीनी दूतावास ने कहा कि वह फिलीपींस में कोरोना वायरस पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है। फिलीपींस में अब तक 202 लोग इस जानलेवा वायरस से संक्रमित पाए गए हैं, वही 17 लोगों की मौत हुई है।
नाइजीरिया ने चीन, इटली, ईरान समेत 13 देशों के नागरिकों के आगमन पर प्रतिबंध लगाया
नाइजीरिया ने कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए उन देशों के नागरिकों के अपने देश में आने पर रोक लगा दी है, जहां नोवल कोरोना वायरस के 1,000 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। राष्ट्रपति की टास्क फोर्स ने ट्वीटर पर इसकी घोषणा की है।
यह प्रतिबंध चीन, इटली, ईरान, दक्षिण कोरिया, स्पेन, जापान, फ्रांस, जर्मनी, अमेरिका, नॉर्वे, यूके, नीदरलैंड और स्विटजरलैंड के नागरिकों पर लागू होगा।
ईरान में मरने वालों की संख्या 1100 के पार, शुक्रवार की नमाज पर रोक
ईरान में बुधवार को कोरोना वायरस से 147 और लोगों की मौत हुई है। अभी तक ईरान में कोरोना से 1,135 लोगों की मौत हो चुकी है। मध्यपूर्व में ईरान कोरोना वायरस का केंद्र बना हुआ है। उप स्वास्थ्य मंत्री अलिरेजा रायसी ने ईरान में लोगों को वायरस के प्रसार को रोकने के लिए दो सप्ताह की अवधि के लिए घर पर रहने की सलाह दी।
ईरान में लगातार तीसरे सप्ताह शुक्रवार की नमाज पर रोक लगा दी गई है। बहुत से ईरानी इस शुक्रवार नौवरूज मना रहे है, जिसे पर्शियन नया साल माना जाता है। स्वास्थ्य विभाग ने ईरान में 1,192 मामलों की पुष्टि की है, इस तरह देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 17,361 हो गई है।
हांग कांग में फिर कोरोना के मामलों में तेजी
हांग कांग में बुधवार को कोरोना वायरस के मामले में तेजी देखी गई है। हाल ही में हांग कांग में कोरोना के मामलों में स्पष्ट रूप से गिरावट दर्ज की गई थी, लेकिन एक बार फिर मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी सरकार के लिए चिंता का विषय है।
लगभग पूरे मार्च महीने में रोजाना कोरोना के कुछ ही मामले सामने आए। बुधवार को देश में कोरोना वायरस के 14 मामले सामने आए। संक्रमित पाए गए सभी लोगों में से एक को छोड़कर सभी ने विदेश यात्रा की है। हांग कांग में अभी तक कोरोना वायरस के 182 मामले सामने आए है।
पोलैंड की सीमा पर 50 किलोमीटर लंबा जाम लगा
पोलैंड के सीमा पर 50 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। पोलैंड में रहने वाले अन्य यूरोपीय देशों के नागरिक अपने देश वापस लौट रहे है, जिस कारण लोगों को भारा जाम का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को 24 घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है।
सरकार ने विदेशी नागरिकों के आगमन पर पूरी तरह प्रतिबंद लगा दिया है और देश लौट रहे पोलिश नागरिकों को 14 दिनों तक एकांतवास में रहना जरूरी किया गया है। सीमा सुरक्षा बलों ने सभी सुरक्षा उपकरणों को पहना हुआ है और वह सीमा पार से आने वाले लोगों के तापमान की जांच कर रह रहे हैं।
फिलीपीन में फंसे भारतीय छात्रों ने स्वदेश लौटने के लिए मांगी मदद
फिलीपीन में फंसे सैकड़ों भारतीय छात्र वीडियो संदेशों के जरिए मदद मांग रहे हैं क्योंकि वे कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए भारत द्वारा लागू की गई यात्रा पाबंदियों के कारण स्वदेश लौट नहीं पा रहे हैं। अमेरिका में इन छात्रों के कुछ दोस्तों और रिश्तेदारों ने यह जानकारी दी। भारत सरकार ने कोविड-19 के खतरे के खिलाफ अपने प्रयासों को तेज करने के बीच अफगानिस्तान, फिलीपीन और मलेशिया से यात्रियों के भारत में प्रवेश पर मंगलवार को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया।
‘ग्रैंड प्रिंसेस’ पर पृथक रखे गए भारतीय चालक दल के सदस्यों की मदद कर रहा दूतावास
वाशिंगटन में भारतीय दूतावास कोरोना वायरस प्रभावित ‘ग्रैंड प्रिंसेस’ क्रूज जहाज पर सवार चालक दल के भारतीय सदस्यों के संपर्क में है और उन्हें हर प्रकार की आवश्यक मदद मुहैया करा रहा है। स्थानीय ‘मर्करी न्यूज’ ने बताया कि ओकलैंड में बंदरगाह पर पहुंचने से पहले यह जहाज कई दिन तक कैलिफोर्निया के तट के निकट समुद्र में घूमता रहा था। इसने अंतत: सोमवार सुबह सैन फ्रांसिस्को खाड़ी की ओर बढ़ना शुरू किया। अमेरिका में भारत के राजदूत तरनजीत सिंह संधू ने मंगलवार को ट्वीट किया, ‘हम ग्रैंड प्रिंसेस पर चालक दल के भारतीय सदस्यों के कुशलक्षेम को लेकर जहाजरानी कंपनी और अमेरिकी प्राधिकारियों के संपर्क में हैं। चालक दल के सभी सदस्यों को अनिवार्य रूप से 14 दिन तक पृथक रहना होगा।’
वुहान में लगातार दूसरे दिन केवल एक मामले की पुष्टि
कोरोना वायरस का केंद्र रहे चीन के वुहान शहर में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन केवल एक मामले की पुष्टि हुई। हालांकि देश में इस बीमारी से 11 और लोगों की मौत के साथ मृतकों की संख्या 3,237 पर पहुंच गई है। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) ने बताया कि देश में मंगलवार को कोरोना वायरस के संक्रमण से 11 और लोगों की मौत हुई तथा 13 नए मामलों की पुष्टि हुई।
अमेरिका में 105 हुई मृतकों की संख्या
कोरोना वायरस से दुनियाभर में मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अमेरिका जैसे विकसित देश में इस संक्रामक बीमारी से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 105 पर पहुंच गई है और यह विषाणु उसके सभी 50 राज्यों तक फैल गया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हालात को संभालने के लिए युद्ध जैसे प्रयास तेज कर दिए हैं जिनमें अर्थव्यवस्था को राहत देने के लिए एक हजार अरब डॉलर का पैकेज देना भी शामिल है।
सऊदी की मस्जिदों में नमाज पर रोक
सऊदी अरब ने मंगलवार को एलान किया कि कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए मस्जिदों में प्रतिदिन पांच वक्त की नमाज के लिए आने वाले लोगों पर पाबंदी लगा दी गई है। इसके साथ ही मस्जिदों में जुमे (शुक्रवार) की नमाज के लिए भी लोग नहीं आ सकेंगे।
पाकिस्तान वायरस से बचने के लिए शहरों को बंद नहीं कर सकता: इमरान
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा है कि उनका देश कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए पश्चिमी देशों की तरह व्यापक पैमाने पर शहरों को बंद नहीं कर सकता। अमेरिका और कई अन्य देशों ने इस संक्रामक बीमारी को फैलने से रोकने की कवायद में रेस्तरां और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद कर दिया है। पाकिस्तान में कराची जैसे कई बड़ी आबादी वाले शहर हैं। खान ने मंगलवार को कहा कि इस कदम पर पहले विचार किया गया था लेकिन अधिकारियों को आशंका है कि यह देश की नाजुक अर्थव्यवस्था को और ध्वस्त देगा।
यहां पढ़ें 11 से 17 मार्च तक के सभी अपडेट