कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए लागू सभी पाबंदियों को हटाए जाने के बाद रैंडम जांच करने के दौरान कई स्कूलों में संक्रमित मामले मिले। इस्राइली समाचार पत्र हारेट्ज के मुताबिक, इस्राइल के दो स्कूलों में जांच के दौरान वैक्सीन की पूरी डोज लगवा चुके नौ शिक्षक कोरोना संक्रमित मिले।
इस्राइल के नव निर्वाचित प्रधानमंत्री नफ्टाली बेनेट ने कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि को देखते हुए नए प्रकोप की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि देश को एक बार फिर अपनी चपेट में लेना वाला डेल्टा वैरिएंट विदेश से लौट रहे यात्रियों की वजह से आया है। इसलिए अब अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सख्ती से जांच की जाएगी। इसी के साथ उन्होंने अपने नागरिकों से फिलहाल विदेश की यात्राएं कम से कम करने की सलाह दी है।
बता दें कि इस्राइल में अब तक 840,079 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 6,428 लोगों की वायरस से जान जा चुकी है।