दुनियाभर में कोरोना वायरस के मामले (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : पीटीआई
दुनिया में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा शुक्रवार को 4.2 करोड़ पार कर गया, जबकि मृतकों की संख्या 11.44 लाख से ज्यादा हो गई। महामारी की चपेट में आए 3.12 करोड़ लोग ठीक भी हुए हैं। इस बीच, फ्रांस में संक्रमण तेजी से फैल रहा है।
गुरुवार को देश में रिकॉर्ड 42,622 नए मामले सामने आए। देश में इससे पहले 17 अक्तूबर को सर्वाधिक 32,427 मामले सामने आए थे। इसी के साथ दुनिया के सर्वाधिक प्रभावित देशों की सूची में फ्रांस सातवें स्थान पर पहुंच गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रांस सरकार ने कहा कि संक्रमण की दूसरी लहर बड़े स्तर पर लोगों को अपनी चपेट में ले रही है, लेकिन मौत के मामलों में कमी आई है। स्वास्थ्य सेवाओं में तेजी से बदलाव किए गए हैं और मृतकों का आंकड़ा पहली लहर की तुलना में बेहद कम है। वहीं, सरकार का मानना है कि देश में लागू रात्रि कर्फ्यू का असर ज्यादा नहीं हुआ। सरकार लॉकडाउन को सख्ती से लागू करने पर शनिवार को विचार करेगी। लेकिन देश में लॉकडाउन के खिलाफ प्रदर्शन जारी है।