विश्व में जहां कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 1.54 करोड़ के पार हो गई, वहीं मृतक संख्या भी 6.31 लाख का आंकड़ा पार जा चुकी है। अमेरिका और ब्राजील इसके सबसे प्रभावित देश हैं, जहां हालात अब भी नियंत्रित नहीं हैं।
अमेरिका में एक दिन में 1,100 से ज्यादा लोग मारे गए हैं वहीं इसी अवधि में 71,000 से ज्यादा नए मामले मिले हैं। ब्राजील में संक्रमितों का आंकड़ा 22.3 लाख पार हो गया है। अमेरिका में व्हाइट हाउस तक संक्रमण फैल गया है। ट्रंप प्रशासन ने सचेत किया कि व्हाइट हाउस के कैफेटेरिया के एक कर्मचारी का परीक्षण सकारात्मक निकला है।
इस बीच अलबामा, कैलिफोर्निया, नेवादा और टेक्सास में एक दिन में हुई रिकॉर्ड मौतों के साथ अमेरिका में लगातार दूसरे दिन मरने वालों की तादाद 1,100 से अधिक हो गई है। अब देश के 23 राज्यों में संक्रमितों की संख्या में भी उछाल देखा जा रहा है।
देश में अब तक 1.46 लाख से ज्यादा लोग कोरोना से जान गंवा चुके हैं, जबकि कुल संक्रमितों का आंकड़ा भी 41.01 लाख के पार चला गया है। ब्राजील में पिछले 24 घंटों में 67,960 नए मामले सामने आए हैं, जबकि इसी अवधि में 1,284 की मौत हुई है। देश में अब तक कुल 22.31 लाख से ज्यादा संक्रमित हैं और कुल 82,000 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं।
दक्षिण कोरिया: संक्रमण के 63 नए मामले
दक्षिण कोरिया में कोरोना वायरस के 63 नए मामले सामने आए हैं। दक्षिण कोरिया के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केन्द्र के मुताबिक, घनी आबादी वाले सियोल महानगरीय क्षेत्र में कम से कम 36 नए मामले सामने आए, जहां करीब पांच करोड़ 10 लाख लोग रहते हैं। देश में अभी कोरोना वायरस संक्रमण के 13,879 मामले हैं और 297 लोगों की इससे जान गई है।
पाकिस्तान : अब तक 2.70 लाख मामले, 5,709 मौतें
पाकिस्तान में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटों में यहां संक्रमण के 1,763 नए मामले सामने आए। इसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 2,69,191 हो चुकी है। वहीं, पिछले 24 घंटों में कोरोना से 32 लोगों की मौत हुई है। अब मरने वालों का आंकड़ा 5,709 हो गया है।