कोरोना वायरस के कहर से अमेरिका कितना प्रभावित है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दुनियाभर में कोरोना वायरस से मरने वाले लोगों में से एक चौथाई लोगों की मौत अमेरिका में हुई है और संक्रमण के एक तिहाई से अधिक मामले अमेरिका में सामने आए हैं। शुक्रवार को आए ताजा आंकड़ों से यह जानकारी मिली।
नवंबर में चीन के वुहान शहर से शुरू हुई कोरोना वायरस वैश्विक महामारी से अभी तक दुनियाभर में 1,97,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और 28 लाख से अधिक लोग संक्रमित हैं।
अमेरिका में 9.2 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिंस विश्वविद्यालय के अनुसार अमेरिका इस संक्रामक रोग से सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। देश में 9.2 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित पाए गए हैं और मरने वाले लोगों की संख्या 52,000 के पार पहुंच गई है।
अमेरिका में कोविड-19 के मामले छह देशों स्पेन (2,19,764), इटली (1,92,994), फ्रांस (1,59,495), जर्मनी (1,54,545), ब्रिटेन (1,44,635) और तुर्की (1,04,912) के कुल मामलों से भी अधिक हैं।
न्यूयॉर्क में सबसे अधिक मौत
अमेरिका के न्यूयॉर्क में इस वायरस से सबसे अधिक 17 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है और दो लाख 70 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। हालांकि अब ऐसा लग रहा है कि अमेरिका में संक्रमण का बुरा दौर बीत चुका है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कोरोना वायरस पर अपने नियमित व्हाइट हाउस संवाददाता सम्मेलन में कहा कि देशभर में संक्रमित पाए जाने वाले लोगों की संख्या कम हो गई है।
उन्होंने बताया कि पिछले हफ्ते न्यूयॉर्क में 38 प्रतिशत जांच रिपोर्ट में संक्रमण के मामले सामने आए थे, इस हफ्ते यह संख्या गिरकर 28 प्रतिशत रह गई। न्यूयॉर्क में एक हफ्ते पहले के मुकाबले अब नए मामले मामलों में 50 प्रतिशत की गिरावट आई है और समान अवधि में मरने वाले लोगों की संख्या 40 प्रतिशत तक कम हो गई है।
ट्रंप ने कहा कि नए मामलों की संख्या में गिरावट के परिणामस्वरूप आधे राज्यों ने अपनी अर्थव्यवस्था को फिर से खोलने के लिए कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इससे एक दिन पहले कैलिफोर्निया, मिनेसोटा और टेनेसी ने कुछ क्षेत्रों में काम फिर शुरू करने की अतिरिक्त योजनाओं की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि हम हर अमेरिकी से सतर्कता बरतने और साफ-सफाई रखने, सामाजिक दूरी बनाने और चेहरे पर मास्क लगाने के लिए कहते हैं।