कोरोना वायरस से लड़ने के लिए हांगकांग की सरकार फेल होती नजर आ रही है। हांगकांग में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं और आपस में मिल रहे हैं। इसी के चलते वॉल्ट डिजनी ने कहा कि हांगकांग में स्थित डिजनीलैंड बुधवार से बंद कर दिया जाएगा।
डिजनीलैंड की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि सरकार की ओर से निर्देशित नियमों का पालन करने के लिए ये फैसला लिया गया है। कंपनी ने कहा कि कोरोना वायरस की वजह से कंपनी का घाटा लगातार बढ़ता जा रहा है। हांगकांग डिजनीलैंड में स्थानीय सरकार का हिस्सा 53 फीसदी है।
बता दें कि हांगकांग में अबतक 1,570 से ज्यादा लोग कोविड-19 महामारी से संक्रमित हैं। बात करें दूसरे देशों की तो ऑस्ट्रेलिया के दक्षिण-पूर्व क्षेत्र में कोरोना का कहर तेजी से बढ़ रहा है और वहां से दूसरे क्षेत्रों में फैल रहा है। जिसके चलते ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार से राज्यों में लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध के नियमों को और सख्त कर दिया है।
राष्ट्रीय स्तर पर कोरोना की दूसरी लहर की संभावना दिखने की वजह से दो राज्यों ने अपनी-अपनी सीमा पर लगे प्रतिबंधों को और सख्त कर दिया है। इसके अलावा जिन राज्यों में आबादी ज्यादा है वहां पब में जाने वाले लोगों की संख्या को सीमित कर दिया गया है।
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया में कुल संक्रमितों की संख्या 10,000 हो गई है और 107 लोगों की मौत हो गई है।