अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को फिर से शुरू करने के लिए चरणबद्ध तरीके से नए दिशा-निर्देश जारी करने वाले हैं। कोरोना वायरस की वजह से अमेरिका की अर्थव्यवस्था थम गई है। उन्होंने राज्यपालों को अपने-अपने राज्यों के लिए फैसला लेने की अनुमति दी है।
वर्तमान में अमेरिका की 330 मिलियन आबादी में से 95 प्रतिशत से अधिक स्टे एट होम (घर के अंदर रहे) आदेश के तहत रह रहे हैं और लगभग 22 मिलियन अमेरिकियों ने बेरोजगारी लाभ के लिए आवेदन किया है। वहीं 640,000 से ज्यादा अमेरिकी कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में हैं और 31,000 से ज्यादा की मौत हो चुकी है।
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि लंबे समय तक लॉकडाउन, अर्थव्यवस्था के थमे पहिए मिलकर सार्वजनिक स्वास्थ्य को काफी ज्यादा प्रभावित करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका प्रशासन नए संघीय दिशा-निर्देश जारी करेगा जो राज्यपाल को अपने राज्य को चरणबद्ध तरीके से खोलने की अनुमति देंगे।
ट्रंप ने कहा कि यदि जमीनी हालात अनुमति देते हैं तो स्वस्थ अमेरिकी काम पर वापस लौट सकते हैं। उन्होंने कहा, 'एक समान शटडाउन के बजाय, हम उच्चतम जोखिम वाले व्यक्तियों को आश्रय देने पर ध्यान केंद्रित करेंगे।' उन्होंने कहा कि उनका प्रशासन नए मामलों का परीक्षण करने के लिए स्पष्ट वैज्ञानिक मीट्रिक और बेंचमार्क बना रहा है।
उन्होंने कहा, 'यदि वायरस दोबारा आता है, जैसा कि कुछ वैज्ञानिकों का मानना है तो संभवत: ये दिशानिर्देश सुनिश्चित करेंगे कि हमारा देश ऊपर उठ रहा है और फिर से दौड़ रहा है ताकि हम जल्दी से इससे बाहर निकल सकें।' दिशा-निर्देशों को सरकार के शीर्ष चिकित्सा विशेषज्ञों ने विकसित किया है और यह जमीन पर स्थिति को लेकर सत्यापन योग्य मिट्रिक्स पर आधारित हैं।
नए दिशा-निर्देश राज्यपालों को अपने-अपने राज्यों की स्थिति को देखते हुए उन्हें दोबारा खोलने की इजाजत देगा। दिशा-निर्देश मानदंड कोरोना के नए मामलों, परीक्षण और राज्यों के लिए अस्पताल संसाधनों को चरणबद्ध खोलने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए स्पष्ट बेंचमार्क तय करेंगे।