चीन के वुहान शहर से फैला कोरोनावायरस दुनियाभर में अब तक 30 हजार से ज्यादा लोगों को अपनी चपेट में ले चुका है। बीजिंग में शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक अकेले चीन की मुख्य भूमि पर 30 हजार से ज्यादा लोगों के इस विषाणु से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसके अलावा हांगकांग में एक व्यक्ति की मौत सहित कुल 22 मामले सामने आए हैं।
आंकड़ों के मुताबिक मकाऊ में 10 मामले सामने आए हैं और इस विषाणु से सबसे अधिक मौतें चीन के मध्य प्रांत हुबेई में हुई है जहां पर दिसंबर में सबसे पहले इस विषाणु से इंसानों में संक्रमण का खुलासा हुआ था।
विभिन्न देशों की यह है स्थिति
विभिन्न देशों की बात करें तो जापाम में इसके 45 मामले सामने आए हैं वहीं सिंगापुर में 28 मामले सामने आए हैं। थाईलैंड में 25, दक्षिण कोरिया में 23, ऑस्ट्रेलिया और मलयेशिया में 14-14, जर्मनी और ताइवाम में 13-13 मामले सामने आए हैं। अमेरिका में कोरोनावायरस के 12, वियतनाम में 10, फ्रांस में छह, संयुक्त अरब अमीरात में पांच, कनाडा में चार और भारत, ब्रिटेन व फिलीपींस में तीन-तीन मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही रूस और इटली में दो-दो मरीजों में कोरोनावायरस का संक्रमण मिला है। वहीं, बेल्जियम, नेपाल, श्रीलंका, स्वीडन, स्पेन, कंबोडिया और फिनलैंड में एक-एक मामला सामने आया है।
हुबेई से निकलने के इच्छुक 10 भारतीय नहीं पास कर पाए स्वास्थ्य जांच
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने बृहस्पतिवार को बताया कि कोरोना वायरस से प्रभावित चीन के हुबेई प्रांत से 647 भारतीयों को निकाला गया है। हालांकि 10 भारतीय स्वास्थ्य जांच न पास कर पाने के कारण नहीं आ सके। हम चीन के संपर्क में हैं और इन नागरिकों के जल्द स्वस्थ होकर सुरक्षित वापसी के हरसंभव उपाय पर विचार कर रहे हैं। पुरानी एडवाइजरी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, भारतीयों को चीन यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है।
उन्होंने कहा, वुहान और आसपास इलाकों से लाए गए भारतीयों में बीमारी का कोई लक्षण नहीं मिला। वहीं, चीन में फंसे पाकिस्तानी छात्र के मदद मांगने के वायरल वीडियो पर कुमार ने कहा, पाकिस्तानी सरकार से ऐसा अनुरोध नहीं मिला है। अगर ऐसी स्थिति होती है तो उपलब्ध संसाधनों को ध्यान में रखते हुए हम इस पर विचार कर सकते हैं। गौरतलब है कि भारत ने मालदीव के सात नागरिकों निकाला है।
चीन के वुहान से लौटे भारतीयों के लिए अच्छी खबर है। एयर इंडिया के विशेष विमान से लाए गए सभी 645 लोगों की कोरोनावायरस की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इन भारतीय नागरिकों को सेना और आईटीबीपी द्वारा बनाए गए अलग-अलग केंद्रों में रखा गया है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि छह फरवरी तक 1,265 उड़ानों के 1,38,750 यात्रियों की कोरोनावायरस जांच की गई, लेकिन अब तक कोई नया मामला सामने नहीं आया है। भारत में अभी तक सिर्फ केरल में ही कोरोनावायरस के तीन मामलों की पुष्टि हुई है।
हाल ही में भारत लौटे वुहान विश्वविद्यालय में पढ़ाई करने वाले इन तीन मेडिकल छात्रों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईएमसीआर) ने 510 लोगों के नमूनों की जांच की है, जिनमें उन तीन छात्रों को छोड़कर सभी की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
बयान के अनुसार चीन के वुहान से लौटे और सेना तथा आईटीबीपी द्वारा बनाए गए अलग-अलग केंद्रों में रखे गए सभी 645 लोगों की कोरोना वायरस की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है