जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे ने स्वीकार किया कि देश संक्रमण में भारी बढ़ोतरी के चलते राष्ट्रीय आपातकाल के करीब पहुंच गया है। अबे ने 10 दिन के अंदर अभूतपूर्व राहत पैकेज देने का वादा किया। जापान में 1499 संक्रमित व 49 की मौत हो चुकी है।
तुर्की ने बंद किया देश में आवागमन
तुर्की में संक्रमितों की संख्या 5698 हो गई। इसके बाद राष्ट्रपति तैयब एर्दोगन ने देश में आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया है।
अमेरिका की एक लैबोरेटरी ने एक पोर्टेबल टेस्ट पेश किया है। लैब का दावा है कि सैंपलों की जांच महज 5 मिनट में की जा सकती है। एबॉट लैबोरटरीज ने एक बयान में कहा कि यूएस फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (यूएसएफडीए) ने स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं को अगले सप्ताह की शुरुआत में यह टेस्ट उपलब्ध कराने के लिए आपातकालीन मंजूरी दी है।
एक छोटे टोस्टर के आकार वाली टेस्ट किट में मॉलीक्यूलर तकनीक का उपयोग किया गया है, जो 13 मिनट के अंदर नेगेटिव सैंपल की रिपोर्ट भी दिखा देती है। एजेंसी
यूएन के 86 कर्मचारी संक्रमित
संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता ने कहा है कि विश्व भर में उसके स्टाफ के 86 सदस्य कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। प्रवक्ता के मुताबिक, यूरोप में सर्वाधिक सदस्य कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। दुजारिक ने कहा कि अफ्रीका, एशिया, पश्चिम एशिया और अमेरिका में भी यूएन के कर्मचारी इस वायरस की चपेट में आए हैं। उन्होंने बताया कि संक्रमण रोकने के लिए यूएन के अधिकतर कर्मचारी घर से काम कर रहे हैं।
पाकिस्तान में शनिवार को महामारी के संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1408 पर पहुंच गई। पड़ोसी देश का पंजाब राज्य इस महामारी के सबसे बड़े केंद्र के तौर पर उभरा है, जहां इस जानलेवा वायरस के चलते 490 लोग संक्रमित हो चुके हैं। पंजाब में शुक्रवार को संक्रमितों की संख्या 419 थी।
पंजाब के डेरा गाजी खान जिले में सबसे ज्यादा 207 पीड़ित हैं। पाकिस्तान में संक्रमण के अधिकतर मामले हाल ही में ईरान से लौटने वालों में मिले हैं, देश में फिलहाल 7 लोगों की हालत गंभीर है। पाकिस्तान में अब तक 12 लोगों की मौत हुई है।
नेपाल के स्वास्थ्य व जनसंख्या मंत्रालय ने शनिवार को देश में कोरोना वायरस का चौथा पॉजिटिव मामला मिलने की पुष्टि की। चारों तरफ से अंतरराष्ट्रीय सीमाएं बंद हो जाने के कारण एक तरह से सील हो चुके नेपाल का यह नया मामला पश्चिमी हिस्से में मिला है। 34 वर्षीय पीड़ित बिकेश देवकोटा हाल ही में यूएई से लौटा था। फिलहाल सुदूरपश्चिम राज्य के धनगढ़ी में सेती प्रॉविंशियल हॉस्पिटल में इलाज किया जा रहा है।
कोरोना के संक्रमण की चपेट में आए हॉलीवुड स्टार टॉम हैंक्स और उनकी पत्नी रीटा विल्सन अब स्वस्थ होकर घर लौट आए हैं। बता दें कि उन्होंने खुद सोशल मीडिया के जरिए बताया, ‘मैं और रीटा यहां ऑस्ट्रेलिया में हैं। हमें थकान महसूस हो रही थी, जुकाम था और शरीर भी दुख रहा था। रीटा को थोड़ा बुखार भी था। हमने टेस्ट करवाया और कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए हैं।’ एजेंसी