चीन की जेलों में कोरोना के 200 से अधिक मामलों का पता चला है। प्रांतीय स्वास्थ्य आयोग ने कहा कि पूर्वी शेडोंग प्रांत में रेनचेंग जेल में सात गार्ड और 200 कैदियों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। इसके अलावा पूर्वी झेजियांग प्रांत के शिलिफेंग जेल में 34 मामलों की पुष्टि हुई है।
चीन में कोरोना से प्रभावित लोगों की संख्या में 1,100 का इजाफा होने से इससे संक्रमित लोगों की कुल संख्या 75,600 से अधिक हो गई है जबकि वैश्विक स्तर पर यह आंकड़ा करीब 77 हजार पर पहुंच गया है। चीन में इस बीमारी के चलते 118 लोगों ने और दम तोड़ दिया। जिससे वैश्विक स्तर पर इसकी चपेट में आकर जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 2,247 हो गई है। दक्षिण कोरिया में कोरोना के नए 48 मामलों का पता चला है। देश में अब 204 लोग इस बीमारी का सामना कर रहे हैं। ईरान में कोरोना से दो और की मौत के बाद जान गंवाने वालों का आंकड़ा चार पर पहुंच गया है।
चीन में कार का कारोबार लगभग खत्म हो गया है। फरवरी के पहले दो सप्ताह में यात्री कारों में 92 प्रतिशत की भारी भरकम गिरावट आई है। चाइना पैसेंजर कार एसोसिएशन के आंकड़ों से यह बात सामने आई है। हालांकि उद्योग जगत को इस महीने थोड़ी सी आशा भी बची है और उसका आकलन है कि पूरे फरवरी महीने में कुल गिरावट कम होकर 70 फीसदी पर आ सकती है। उनका यह भी मानना है कि यह गिरावट अस्थाई है।