महीनों तक कमी आने के बाद अमेरिका में एक बार फिर कोविड-19 संक्रमण के मामले बढ़ने शुरू हो गए हैं। पिछले तीन सप्ताह से रोजाना नए मामलों की संख्या दोगुनी होती जा रही है। इसका कारण कोरोना वायरस का अधिक संक्रामक डेल्टा वेरिएंट, धीमा टीकाकरण और चार जुलाई को हुए कार्यक्रमों को माना जा रहा है।
जॉन्स हॉप्किन्स यूनिवर्सिटी के डाटा के अनुसार सोमवार को प्रतिदिन पुष्ट मामलों की औसत संख्या करीब 23,600 हो गई, 23 जून के यह संख्या 11,300 थी। मेन और दक्षिण डकोटा, इन दो राज्यों के अलावा सभी राज्यों में पिछले दो सप्ताह के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामलों की संख्या में इजाफा देखा गया है।
विज्ञापन
सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के अनुसार राष्ट्रीय स्तर पर 55.6 फीसदी अमेरिकी नागरिकों को कोविड टीके की कम से कम एक खुराक दी जा चुकी है। बढ़ते मामलों के बीच लॉस एंजेलिस काउंटी और सेंट लुईस जैसे स्थानों पर लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना शुरू करने का अनुरोध किया जा रहा है।
शिकागो ने कहा है कि मिसौरी और आर्कन्सास से आने वाले ऐसे लोगों को; जिन्हें टीका नहीं लगा है; या तो 10 दिन के लिए क्वारंटीन में रहना होगा या निगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी। मिसिसिपी के स्वास्थ्य विभाग ने गलत जानकारियां फैसे से रोकने के लिए कोविड संबंधित फेसबुक पोस्ट को ब्लॉक करना शुरू कर दिया है।
विज्ञापन
मिसिसिपी में बुजुर्गों को भीड़ से दूर रहने की सलाह
उल्लेखनीय है कि मिसिसिपी में पिछले तीन सप्ताह के दौरान अस्पताल में भर्ती होने वाले लोगों की संख्या में करीब 150 फीसदी का इजाफा हुआ है। यहां के अधिकारियों ने गंभीर बीमारी से ग्रस्त 65 वर्ष और इससे अधिक आयु वाले नागरिकों को सलाह दी है कि वह अधिक भीड़ वाले इनडोर कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखें।
जनवरी के मुकाबले हालात अभी भी काफी बेहतर
हालांकि, एक राहत की बात यह है कि हाल में कोरोना के नए मामलों में तेजी आने के बावजूद स्थिति जनवरी के मुकाबले काफी बेहतर है जब रोजाना मामले करीब ढाई लाख तक पहुंच गए थे। वहीं, एक समय में कोरोना के चलते 3400 से अधिक लोगों की मौत देखने वाले अमेरिका में फिलहाल यह आंकड़ा 260 से नीचे है।