चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) के अनुसार विदेशों से संक्रमण लेकर आए लोगों की कुल संख्या 1,378 और बिना लक्षण के संक्रमित पाए गए लोगों की संख्या 1,064 हो गई है। जबकि स्थानीय संक्रमण के 10 मामलों में से सात हेइलोंगजियांग और तीन गुआंगदोंग प्रांत के हैं। आयोग ने कहा कि कि देश में कोविड-19 संक्रमण के 108 नए मामले सामने आए हैं जिन्हें लेकर देश में चिंता है। वहीं हुबेई प्रांत में दो लोगों की जान जाने से मृतक संख्या 3,341 हो गई।
फ्रांस लॉकडाउन आगे बढ़ाने के पक्ष में, स्पेन में मृतकों की संख्या हुई कम
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोमवार को फ्रांस में लॉकडाउन को आगे बढ़ाने की बात कही। कहा, कई सप्ताह के लॉकडाउन से ही देश इस महामारी से उबर सकता है। वहीं, स्पेन में मृतकों की संख्या में थोड़ी कमी आई है। फ्रांस में अब तक 1,36,779 लोग संक्रमण की चपेट में हैं। स्पेन में यह संख्या 1,69,496 है। फ्रांस में 14,967 जबकि स्पेन में 17489 लोग जान गंवा चुके हैं। हालांकि स्पेन में पिछले 48 घंटों में मौत के आंकड़ों में गिरावट दर्ज हुई है।
फ्रांस में बदल रही जिंदगी
कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या कम होने पर सोमवार को लॉकडाउन के बीच स्थानीय कार्निवाल परिधान परेड का आयोजन किया गया।
ब्रिटेन में कोविड-19 संक्रमितों का इलाज कर रही नर्सें पर्याप्त सुरक्षा किट न होने से इलाज से इनकार कर सकती हैं। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटेन में यूनियन ऑफ नर्सिंग, द यूनियन कॉलेज ऑफ यूनियन ने अपने सदस्यों को सलाह दी है कि वे पर्याप्त निजी सुरक्षा उपकरण न मिलने पर आखिरी विकल्प के तौर पर इलाज से मना कर सकती हैं।
दुबई एयरपोर्ट पर 19 भारतीय 21 दिन से फंसे
भारत में लॉकडाउन की घोषणा के बाद से दुबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पिछले 21 दिनों से 19 भारतीय फंसे हुए हैं। गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में उड़ानों पर प्रतिबंध के चलते ये लोग यहां फंसे हुए हैं। इन्हें 25 मार्च को एयरपोर्ट के होटल में लाया गया।
सिंगापुर में 59 भारतीय संक्रमित पाए गए हैं। नए मामले 233 मिले जबकि कुल मामलों की संख्या 2,532 हो गई है। देश में सात स्थानों पर झुंड में संक्रमण फैला है। सिंगापुर में भारतीय समुदाय से जुड़े मेगा स्टोर मुस्तफा सेंटर से भी चार मामले जुड़े हैं, जिसके चलते यहां से 82 लोग संक्रमित पाए गए। प्रशासन ने सिंगापुर के सभी तटीय इलाकों को बंद कर दिया है।
नेपाल : महामारी खत्म होने तक वेतन कोरोना फंड में देंगे पीएम ओली
नेपाल के पीएम केपी शर्मा ओली ने एलान किया है कि जब तक कोरोना का संकट खत्म नहीं हो जाता वह अपना वेतन कोरोना बचाव और नियंत्रण फंड में दान देंगे। नेपाली नव वर्ष 2077 की शुभकामनाएं देते हुए ओली ने कहा, इस मुश्किल दौर में देश की जनता को संयम रखने की ज़रूरत है। उन्होंने भारत के पीएम नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की।