ट्रंप ने कोरोना अपने शीर्ष मेडिकल सलाहकार डॉ. एंथनी फौसी को बर्खास्त करने के विचार से संबंधित खबरों को अफवाह बताया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त डॉ. फौसी ने कहा था कि अगर ट्रंप इस महामारी को काबू करने के लिए शुरू में ही कदम उठा लेते, तो अमेरिका में संकट का प्रसार रोका जा सकता था। इसके बाद उन्हें हटाने की अटकलें थीं लेकिन ट्रंप ने कहा फौसी एक बेहतरीन व्यक्ति हैं।
इटली : एक दिन में 566 मौतों पर भी लॉकडाउन में छूट, लोगों में चिंता
इटली ने अपनी सुस्त अर्थव्यवस्था को रोकने की कोशिशों में मंगलवार को लॉकडाउन के उपायों में कुछ छूट देना शुरू कर दिया है। इसे लेकर कुछ दुकान मालिकों और श्रमिकों ने प्रतिबंधों के जल्द हटाने को लेकर चिंता जताई है। अमेरिका के बाद इटली दूसरा ऐसा देश है जहां 20 हजार से ज्यादा मौतें हुई हैं और अब तक 1.60 लाख संक्रमितों की पुष्टि हुई है। यहां 24 घंटे के भीतर 566 लोगों की मौत हो चुकी है।
स्पेन में मंगलवार को कोरोना वायरस से 567 लोगों की मौत होने के बाद, इस देश में कोविड-19 से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़ कर 18,056 हो गई है। स्पेन में अमेरिका और इटली के बाद मृतकों का दुनिया में तीसरा सर्वाधिक आंकड़ा है। देश में 1,72,541 लोग संक्रमित हैं। 14 मार्च से लागू लॉकडाउन के बीच अब यहां फैक्ट्रियों और निर्माण साइटों पर गैर-अनिवार्य श्रमिकों की वापसी शुरू हो गई है।
ईरान : एक माह में पहली बार मृतक संख्या सौ से कम
वहीं, ईरान ने मंगलवार को कहा कि देश में एक महीने में पहली बार कोरोना वायरस से मृतकों की संख्या 100 से कम रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता किनौश जहांपुर ने बताया कि पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से 98 लोगों की मौत हुई है जिससे मृतकों की कुल संख्या 4,683 पहुंच गई है।
ब्रिटेन में मृतक संख्या 11,329 हो गई है जबकि संक्रमितों की कुल संख्या 88,621 पर पहुंच चुकी है। इनमें 10,261 मौतों के साथ अकेले लंदन में 90 फीसदी लोगों की जान गई है। लेकिन लॉकडाउन बढ़ाने पर ब्रिटिश कैबिनेट में एकराय नहीं है। गृह मंत्री प्रीति पटेल और वित्त मंत्री ऋषि सुनक तीन सप्ताह तक लॉकडाउन बढ़ाने पर सहमत थे, लेकिन स्वास्थ्य मंत्री मैट हैनकॉक इसे 25 मई तक बढ़ाने के पक्ष में हैं।