चीन में एक बार फिर से कोरोनो संक्रमण की वापसी हुई है। 24 घंटे के दौरान 99 नए मामले सामने आए जो हाल के कुछ हफ्तों की तुलना में सबसे ज्यादा है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि 63 ऐसे मामले भी सामने आए जिनमें लक्षण नहीं थे जिसके बाद देश में कोविड-19 मरीजों की कुल संख्या 82 हजार हो गई है। चीन से ही इस वैश्विक महामारी की शुरुआत हुई थी।
वहीं, पूरी दुनिया में संक्रमितों का आंकड़ा 18.37 लाख से अधिक हो चुका है, जबकि मृतकों की संख्या 1.13 लाख से अिधक हो गई है। इस बीच, संक्रमण से ठीक होने वालों की तादाद भी 4.21 लाख हो चुकी है। सर्वाधिक अमेरिका में 21,667 की मौत हो चुकी है। यहां एक दिन में सबसे ज्यादा 1920 लोगों की जान गई। अमेरिका में मरीज बढ़कर 5,45,830 हो गए।
ब्रिटेन में भी मौत का आंकड़ा 10,612 हो गई। फ्रांस में मृतकों की संख्या 14,393 दर्ज की गई। इटली में भी मौत का आंकड़ा 19,899 पर पहुंच चुका है। यहां 1,56,363 संक्रमित हैं। इंडोनेशिया में 399 नए मामले के साथ कुल 4,241 संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, रूस में 2 हजार से अधिक संक्रमण के मामले दर्ज किए जा चुके हैं।
फिलीपींस में एक दिन में मरने वालों की संख्या अब तक की सबसे ज्यादा 50 हो गई। यहां मृतकों की संख्या 297 हो गई, जबकि संक्रमित 4,648 हो गए। पाकिस्तान में 5,038 लोग इस वायरस के संक्रमण के शिकार हो चुके हैं, जिनमें से आधे लोग अकेले पंजाब प्रांत से हैं।
अब तक 86 लोगों की मौत हो चुकी है और 762 लोग ठीक हो चुके हैं। ईरान में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 4474 पहुंच गया। 1675 नए मामले के साथ कुल 71,686 लोग संक्रमित हैं। ईरान में अब तक ढाई लाख से ज्यादा टेस्ट किए गए हैं।
चीन में कोरोना की वापसी, 99 नए संक्रमित
चीन में 24 घंटे के दौरान चीन में कोरोना वायरस संक्रमण के 99 नए मामले सामने आए जो हाल के कुछ हफ्तों की तुलना में एक दिन में सामने आए मामलों के लिहाज से सबसे ज्यादा है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि 63 ऐसे मामले भी सामने आए जिनमें लक्षण नहीं थे जिसके बाद देश में कोविड-19 मरीजों की कुल संख्या 82 हजार हो गई है। इसी के साथ देश में वैश्विक महामारी के फिर से भयावह होकर लौटने की चिंताएं बढ़ गई हैं।