ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो संदेश में बताया था कि वह इस घातक वायरस के खिलाफ सरकार के संघर्ष में ब्रिटिश सरकार का नेतृत्व करते रहेंगे।
उन्होंने ट्वीटर पर लिखा था कि पिछले 24 घंटे में मुझे हल्के लक्षण उभरे और टेस्ट पॉजिटिव आया है। अब मैं खुद को पृथक कर रहा हूं। लेकिन ऐसे समय में जब हम कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहे हैं मैं वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सरकार का नेतृत्व करता रहूंगा।
डाउनिंग स्ट्रीट के प्रवक्ता ने बीते गुरुवार को बताया था कि हल्के लक्षण उभरने के बाद प्रधानमंत्री का इंग्लैंड की मुख्य चिकित्सक प्रोफेसर क्रिस व्हीटी की सलाह पर कोरोना वायरस का टेस्ट कराया गया था। नेशनल हेल्थ सर्विस स्टाफ ने 10 डाउनिंग स्ट्रीट पर जानसन का टेस्ट किया और परिणाम पॉजिटिव आया।
प्रवक्ता ने बताया था कि चिकित्सकों की सलाह के अनुसार, प्रधानमंत्री डाउनिंग स्ट्रीट में पृथक रह रहे हैं। कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में वह सरकार का नेतृत्व करते रहेंगे।
वहीं, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर मिलने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने जॉनसन के लिए कहा था कि आप एक योद्धा हैं और इस चुनौती से बखूबी निपट लेंगे।
इससे पहले प्रिंस चार्ल्स कोविड-19 संक्रमित पाए गए थे। क्लेरेंस हाउस कार्यालय ने कहा था कि महारानी एलिजाबेथ के सबसे बड़े बेटे प्रिंस चार्ल्स (71) में हल्के लक्षण दिखाई दिए और उनकी तबीयत अब ठीक है।
खबरें थीं कि चार्ल्स की पत्नी कैमिला (72) की कोरोना वायरस की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। दोनों ही स्कॉटलैंड में अलग—थलग रह रहे थे। बता दें कि ब्रिटेन सरकार ने अपने देश में तीन सप्ताह के लिए लॉकडाउन की घोषणा की थी।