कोरोना वायरस से जहां पूरी दुनिया में संक्रमितों का आंकड़ा 85 लाख को पार कर गया है। वर्ल्डोमीटर के मुताबिक मृतकों की संख्या भी 4.53 लाख से अधिक हो चुकी है। इसका असर दक्षिण अमेरिकी महाद्वीप में बना हुआ है जहां ब्राजील के बाद सबसे ज्यादा मामले पेरू में आए हैं। जबकि रूस में पिछले 24 घंटे में 7,790 नए मामले सामने आ चुके हैं।
रूस में भी संक्रमितों की संख्या 5.61 लाख पार हो चुकी है। रूस में संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं जबकि मरने वालों की संख्या भी साढ़े सात हजार के पार हो चुकी है। रूस के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी अमेरिका में अब संक्रमण और मौतों की संख्या कम तो हुई है लेकिन अब भी यहां खतरा बरकरार है।
देश में पिछले 24 घंटे के दौरान 740 लोग कोरोना वायरस के चलते मारे गए हैं। इसके साथ ही देश में कुल मृतकों की संख्या 1.19 लाख से अधिक हो गई है। अमेरिका में अब तक कुल संक्रमित लोगों की संख्या 22.34 के आंकड़े को पार कर गई है।
इस बीच, कजाखस्तान के 79 वर्षीय पूर्व राष्ट्रपति और ‘लीडर ऑफ द नेशन’ नूरसुल्तान नजरबायेव को भी कोरोना पॉजिटिव आया है। उन्हें क्वारंटीन में रखा गया है। दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में संक्रमण के मामले इटली से ज्यादा हो गए हैं। यहां कुल मरीजों की संख्या 2.40 लाख को पार कर गई है जो इटली में 2.37 लाख है।
पाकिस्तान : संक्रमितों की संख्या 1,60,000 पार
पाकिस्तान में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा डेढ़ लाख के भी पार पहुंच चुका है, जबकि मरने वालों की संख्या 3,093 से ज्यादा है। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में पिछले 24 घंटों में 118 कोरोना मरीजों की मौत हो गई है जबकि संक्रमितों का आंकड़ा 1 लाख 60 हजार के पार पहुंच गया है।
बीजिंग में कोरोना के 21 नए मामले दर्ज
चीन के बीजिंग शहर में बुधवार को कोरोना के 21 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें से 3 मामले बिना लक्षण वाले हैं। नगर निगम के स्वास्थ्य आयोग ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी है। शिन्हुआ न्यूज के मुताबिक, बुधवार तक बीजिंग में कोरोना के 578 मामलों की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें से 411 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
न्यूजीलैंड में कोरोना का एक और नया मामला
न्यूजीलैंड में बृहस्पतिवार को कोरोना का तीसरा मामला सामने आया है। खुद को वायरस मुक्त घोषित करने वाले दुनिया के पहले देशों में शुमार न्यूजीलैंड में एक बार फिर महामारी अपने पैर पसार रही है। नए मामलों में 60 वर्षीय शख्स को संक्रमित पाया गया है। जिसने 11 जून को दोहा और मेलबर्न के रास्ते पाकिस्तान के लाहौर से उड़ान भरी थी।