अमेरिका में कोरोना वायरस का प्रकोप सबसे ज्यादा है, यहां 75 लाख से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। कोरोना ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी नहीं बख्शा है लेकिन एक और बड़ी चिंता सबके सामने आ खड़ी है। एक रिपोर्ट के मुताबिक ऊदबिलाव में भी कोरोना का संक्रमण देखा गया है।
ऐसी खबरें हैं कि अब तक कई हजार ऊदबिलाव कोरोना वायरस बीमारी से मर गए हैं। एक रिपोर्ट में बताया गया है कि उटाह और विस्कॉन्सिन प्रांत के पशुपालकों ने करीब 10,000 ऊदबिलाव को खो दिया है। उटाह में करीब आठ हजार ऊदबिलाव तो विस्कॉन्सिन में दो हजार ऊदबिलाव की जान जा चुकी है।
उटाह में जानवरों के डॉ. डीन टेलर ने बताया कि इन दोनों प्रांतों में जानवरों में कोरोना वायरस का सबसे पहला मामला अगस्त में देखा गया था। जुलाई में जब किसान के अंदर कोरोना वायरस पाया गया तो ऊदबिलाव में इसके संक्रमण की गति तेज हो गई। हालांकि तीनों किसान बाद में कोविड-19 से ठीक हो गए थे।
बाद में कई बार ऐसी खबरें आईं कि अब कोरोना वायरस इंसानों से जानवरों में फैल रहा है। डॉ डीन ने बताया कि हमारी टीम कोरोना वायरस की बहुत बारीकी से जांच कर रही है। इस वायरस के हर पहलू पर काम किया जा रहा है, शोध से पता चला है कि ये वायरस जानवरों से इंसानों में नहीं बल्कि इंसानों से जानवरों में गया है।
बता दें कि उटाह में पहली बार ऊदबिलाव में कोरोना संक्रमण का मामला देखा गया। लेकिन जानवरों में भी सिर्फ ऊदबिलाव ही नहीं बल्कि कुत्ते, बिल्ली, शेर और एक बाघ में कोरोना वायरस की पुष्टि की गई है। एक शोध में बताया गया है कि लोगों के संपर्क में बराबर रहने वाले 26 जानवर संक्रमण के लिए अति संवेदनशील हैं।
सभी जानवरों में कोरोना के फैलने का डर नहीं है। सांप, पक्षी और मछली में कोरोना वायरस फैलने का कम खतरा है। शोध बताता है कि अभी भी इस बात के सबूत मिले हैं कि कोरोना वायरस इंसानों से जानवरों में फैला है लेकिन जानवरों से इंसानों में कोरोना के फैलाव वाली बात अभी साबित नहीं हुई है।