मैक्सिकन आव्रजन अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि देश के मध्य भाग में उन्हें 210 अप्रवासी एक ट्रक में बंद मिले हैं। ट्रक को शुक्रवार रात पुएब्ला राज्य में एक सुरक्षा चौकी पर रोका गया, लेकिन ट्रक नहीं रुका तो उसका पीछा किया गया और टेकामाचल्को शहर में पकड़ लिया गया। जब ट्रक के कार्गो एरिया की जांच की गई तो वहां बच्चे और महिलाओं सहित 210 लोग मिले जो मेक्सिकन नहीं थे।
सोमालिया के तटों पर डकैतीरोधी अभियानों की मियाद बढ़ाई
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय नौसैनिक बलों को सोमालिया के तट पर समुद्री डकैती से लड़ने के लिए अपने अभियान जारी रखने की अनुमति दी है। हालांकि, यह अनुमति केवल तीन महीनों के लिए दी गई है, क्योंकि सोमाली सरकार का कहना है कि बीते चार साल से वहां कोई समुद्री डकैती नहीं हुई है, लिहाजा इन अभियानों को खत्म किया जाना चाहिए। संयुक्त राष्ट्र में सोमालिया के प्रतिनिधि अबुकर दाहिर उस्मान ने परिषद से कहा कि समुद्री डकैती और सशस्त्र डकैती के खिलाफ सुरक्षा परिषद ने उद्देश्य पा लिया है।