अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो)
- फोटो : White House
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घातक कोरोना वायरस के दुनियाभर में फैलने के लिए एक बार फिर चीन को जिम्मेदार ठहराया और इस बीमारी को ‘कुंग फ्लू’ कहा। यह महामारी दुनियाभर में 4,67,000 से अधिक लोगों की जान ले चुकी है और 89 लाख से ज्यादा लोग इसकी चपेट में हैं।
ट्रंप पिछले साल दिसंबर में चीन के वुहान शहर से शुरू हुई कोरोना वायरस महामारी के लिए बार-बार चीन को जिम्मेदार ठहराते आ रहे हैं। उन्होंने बीजिंग पर वायरस के बारे में जानकारी छिपाने का आरोप लगाया था।
ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों ने इसकी उत्पत्ति के कारण इसे 'वुहान वायरस' कहा था। अमेरिका में इस साल की शुरुआत में कोरोना वायरस महामारी का प्रकोप शुरू होने के बाद शनिवार को ओकलाहोमा के टुलसा में अपनी पहली चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि कोविड-19 बीमारी के इतने नाम हैं जितने इतिहास में किसी रोग के नहीं हुए।
उन्होंने कहा, ‘मैं इसे कुंग फ्लू कह सकता हूं। मैं इसके 19 अलग-अलग नाम ले सकता हूं। कई लोग इसे वायरस कहते हैं, जो यह है भी। कई इसे फ्लू कहते हैं। अंतर क्या है। मुझे लगता है कि हमारे पास इसके 19 या 20 नाम हैं।’
‘कुंग फ्लू’ शब्द चीन की परंपरागत मार्शल आर्ट ‘कुंग फू’ से मिलता जुलता है। वर्ल्डोमीटर कोरोना वायरस रिसोर्स के अनुसार, कोरोना वायरस से दुनियाभर में 89 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं और 4.67 लाख से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। दुनियाभर में इस बीमारी से सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका हुआ है जहां संक्रमण के 23 लाख से अधिक मामले हैं और 1,21,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।