अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चमत्कारिक पूर्वानुमान को एक महीना हो चुका है, जब अप्रैल में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि जैसे ही गर्मी पड़नी शुरू हो जाएगी, कोरोना के मामले चमत्कारिक तरीके से कम हो जाएंगे। लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं हुआ है और ना ट्रंप का वो दावा सही साबित हुआ जो उन्होंने पांच जून को अर्थव्यवस्था को खोलने पर कहा था।
ट्रंप ने कहा था कि हम चाहते हैं कि राज्यों के लिए जारी लॉकडाउन का अंत हो, जिसकी वजह से उन्हें अंगारे और राख मिल सकती है या फिर आग की लपटे भी आ सकती है लेकिन हम सभी को बाहर निकाल लेंगे। हम उनका पेट भर देंगे। ऐसा डोनाल्ड ट्रंप ने पांच जून को कहा था।
अमेरिका में इसका उल्टा हुआ, आज अमेरिका में कोरोना की दूसरी लहर के संकेत दिए जा रहे हैं। अमेरिका में कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं जो अब 21 लाख के पार पहुंच गए हैं और मरने वालों की संख्या 1,17,000 से ज्यादा हो गई है। एक अनुमान के मुताबिक अमेरिका के 25 राज्यों में हर दिन मामलों में बढ़ोतरी हो सकती है।
अमेरिका के चार राज्य एरिजोना, कैलिफोर्निया, मिसीसिपी और उत्तर केरोलिना में कोरोना के मामले कम नहीं हुए हैं, हालांकि दूसरे राज्यों में मामले तो कम हुए लेकिन वहां संक्रमण की दूसरी लहर के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिका के न्यूयॉर्क, न्यूजर्सी और उत्तर-पश्चिम इलाकों के ज्यादातर जगहों की बदत्तर हालत में सुधार है।
25 मई के बाद से टेक्सास में सात दिन के औसत में कोविड-19 के एक हजार मामले सामने आ रहे हैं। लेकिन टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एब्बोट ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से टेक्सास में सात दिन यानि हफ्ते भर में औसतंन मानले बढ़कर 1709 हो गए हैं।
एरिजोना में कोरोना की चरम सीमा अभी तक नहीं आई है लेकिन जून के पहले हफ्ते में यहां 7,700 मामले सामने आए हैं। व्हाइट हाउस की कोरोनावायरस टास्क फोर्स जो पहले कोविड-19 से संबंधित सूचना देने के लिए हर दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस करती थी, अब हफ्ते में तीन बार प्रेस कॉन्फ्रेंस करती है।
जॉन हॉपकिन्स सेंटर के निदेशक डॉ टॉम इंगलेस्बि का कहना है कि ये चिंता की बात है कि अमेरिका के लोगों ने इस न्यू नॉर्मल को आसानी से अपना लिया है जबकि अभी कुछ सामान्य नहीं है। कुछ राज्यों में रोजाना सैकड़ों और हजारों कोविड-19 के मामले सामने आ रहे हैं और कुछ राज्य अपने यहां कोरोना के मामले शून्य तक ले आए हैं।
फ्लोरिडा में ज्यादातर बीच खुल चुके हैं। इसके अलावा 11 जूलाई से डिसनी वर्ल्ड चरणों में खोलने पर विचार कर रहा है। टेक्सास के गवर्नर का कहना है कि आप जितना ज्यादा टेस्ट करेंगे, उतने ही ज्यादा कोरोना के मामले सामने आएंगे। दक्षिण केरोलिना में ज्यादातर बीच और बिजनेस दोबारा खुल चुके हैं। हालांकि यहां एक दिन का सर्वाधिक आंकड़ा 687 है जो दस जून को आया था।
दक्षिण केरोलिना के गवर्नर हेनरी मेकमास्टर ने इमरजेंसी की अवधि 11 जून तक बढ़ा दी। जिसके तहत वहां स्कूल, कॉलेज, बिजनेस, नेशनल गार्ड की तैनाती और चुनाव जैसी प्रक्रियाओ को बंद करने का एलान है। मेकमास्टर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस मे कहा कि इमरजेंसी बढ़ने पर जरूरी नहीं कि जो बिजनेस खुक गए हैं वो दोबारा बंद हो जाएंगे, और ना ही मास्क पहनना जरूरी किया जाएगा, ये सब लोगों की निजी जिम्मेदारी होगी।
अकेले डोनाल्ड ट्रंप नहीं है जो ऐसा सोचते हैं कि गर्म मौसम में कोरोना वायरस खत्म हो जाएगा। अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी समेत ज्यादातर राज्यों ने कुछ क्वारंटीन नियम बनाए हैं। दक्षिण केरोलिना पहला ऐसा राज्य जहां 20 अप्रैल को प्रतिबंध खुलने शुरू हुए, लेकिन कुछ राज्यों ने देर से प्रतिबंध हटाए।
15 मई को न्यूयॉर्क ने अपने कुछ जगहों पर धीरे-धीरे प्रतिबंध हटाना शुरू किया। आठ जून के बाद से न्यूयॉर्क प्रशासन ने गैर आवश्यक दुकानों, संग्रहालय, थिएटर, रेस्त्रां, बार जैसे जगहों को खोलने का फैसला लिया। कैलिफोर्निया पब्लिक हेल्थ ड़िपार्टमेंट की निदेशक डॉ सोनिया एंजेल का कहना है कि अमेरिका में कोरोना के मामले इसलिए ज्यादा है, क्योंकि यहां टेस्टिंग की क्षमता ज्यादा है।
लोग अब घरों से बाहर निकल रहे हैं लेकिन हम इसके लिए तैयार हैं। टेक्सास में अस्पताल में भर्ती करने की दर लगातार बढ़ती जा रही है। इसी तरह एरिजोना में आईसीयू बिस्तर और अस्पताल में भर्ती होने की दर बढ़ती ही जा रही है और ये देशव्यापी जल्द ही बढ़ने लगेगा।
अमेरिका को दस लाख कोरोना के मामले होने में तीन महीनों का समय लगा लेकिन यही 44 दिनों में यही मामले 20 लाख हो गए और अभी भी कोविड-19 संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। 12 जून को सीडीसी के डिप्टी निदेशक डॉ जे बटलर ने कहा कि अगर कोरोना वायरस के मामले दोबारा बढ़ते हैं तो हमें देखना होगा कि मार्च की शुरुआत में मामलों को बढ़ने से रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए थे।