दक्षिण कोरिया ने गुरुवार को घोषणा की कि कोरोना वायरस का संदिग्ध होने के चलते सेल्फ क्वारंटीन (स्व एकांतवास) में भेजे जाने के बावजूद बाहर घूमने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्रालय की शीर्ष अधिकारी यून तेई-हो ने कहा कि ऐसा करने वाले विदेशी नागरिकों को निर्वासित कर दिया जाएगा, जबकि कोरियाई नागरिकों को एक साल के लिए जेल भेजने के साथ उन पर 8100 डॉलर का जुर्माना भी लगा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह कदम देश में बाहर से आने वालों में इस जानलेवा महामारी के मामले बढ़ने के चलते उठाया जा रहा है। 13 से 24 मार्च के बीच क्वारंटीन नियमों का उल्लंघन करने वाले 11 लोग चिह्नित किए गए हैं, जिनके खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है।
कोरिया सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के मुताबिक, दक्षिण कोरिया में गुरुवार को कोरोना वायरस के 104 नए मामले चिह्नित किए गए हैं, जिनमें 57 मरीज विदेश से आए हैं। इन 57 में से 49 दक्षिण कोरियाई और 8 विदेशी नागरिक हैं। अब देश में कुल 9,241 पीड़ित हो गए हैं। इस बीमारी से मरने वालों की संख्या भी 126 से बढ़कर 142 हो गई है।