चीन से टैरिफ को लेकर चल रही तनातनी के बीच अमेरिका की राष्ट्रीय खुफिया एजेंसी (CIA) ने चीनी सरकारी अधिकारियों को मंदारिन भाषा में एक वीडियो संदेश दिया है। सीआईए ने कहा है कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग की सरकार में अपनी जगह को लेकर चिंतित अधिकारी हमारे साथ काम करने के लिए आ सकते हैं।
CIA ने बृहस्पतिवार (स्थानीय समयानुसार) को सोशल मीडिया पर मंदारिन भाषा में दो वीडियो जारी किए, जिसमें असंतुष्ट चीनी अधिकारियों को सीआईए से संपर्क करने के लिए आमंत्रित किया गया। यू-ट्यूब और एक्स पर पोस्ट किए गए वीडियो को पहले दिन पांच मिलियन से अधिक बार देखा गया।
चीन ने अमेरिका के खिलाफ बढ़ाई जासूसी
यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब सीआईए निदेशक जॉन रैटक्लिफ ने कहा है कि एजेंसी चीन पर खास ध्यान दे रही है। वहीं, चीन ने भी हाल ही में अमेरिका के खिलाफ जासूसी बढ़ा दी है और अपने जासूसी अभियानों के साथ अमेरिकी अधिकारियों को निशाना बनाया है।
ये भी पढ़ें: Trade War: चीन ने कहा- टैरिफ से जुड़े अमेरिका के प्रस्तावों का कर रहे मूल्यांकन, वैश्विक शेयर बाजारों में तेजी
वीडियो का मकसद- चीनी अधिकारियों की भर्ती करना: रैटक्लिफ
रैटक्लिफ ने एक बयान में कहा कि इन वीडियो का मकसद गुप्त जानकारी चुराने के लिए चीनी अधिकारियों की भर्ती करना है। उन्होंने कहा कि चीन आर्थिक, सैन्य और तकनीकी रूप से दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बनना चाहता है। रैटक्लिफ ने कहा, 'हमारी एजेंसी को इस खतरे का जवाब तेजी, चालाकी और मजबूती के साथ देना होगा, और ये वीडियो ऐसा करने के तरीकों में से एक है।'
2 मिनट से ज्यादा लंबे वीडियो सिनेमाई गुणवत्ता वाले
इन वीडियो की लंबाई 2 मिनट से ज्यादा है। इन्हें ऐसे बनाया गया है, जैसे फिल्म बनाई जाती हैं। वीडियो में कम्युनिस्ट पार्टी के अंदरूनी लोगों, लग्जरी गाड़ियों और चमचमाती गगनचुंबी इमारतों को दिखाया गया है। एक वीडियो में दिखाया गया है कि कैसे एक चीनी अधिकारी अपनी सरकार से परेशान है। वह खुद को और अपने परिवार को लेकर चिंतित है। वह कहता है, 'मैंने कुछ गलत नहीं किया, लेकिन मैं डर में नहीं रह सकता।' फिर वह अपने स्मार्टफोन का उपयोग करके CIA से संपर्क करता दिखाई देता है, और वीडियो एजेंसी की मुहर के साथ समाप्त होता है।
सीआईए से सुरक्षित तरीके से संपर्क करने की दी जानकारी
वीडियो के नीचे दिए गए लिंक में बताया गया है कि कोई व्यक्ति कैसे सुरक्षित तरीके से सीआईए से संपर्क कर सकता है। इसके अलावा संभावित मुखबिरों को CIA के नकली खातों से सावधान रहने की चेतावनी भी दी गई है। वीडियो सीआईए का संभावित मुखबिरों के लिए नया तरीका है, ताकि वे ऐसा सुरक्षित रूप से कर सकें।
ये भी पढ़ें: US Tariffs: 'हो सकता है बच्चों को 30 की जगह दो गुड़िया मिलें, लेकिन चीन...', व्यापार युद्ध के नतीजों पर ट्रंप
पहले भी सीआईए ने ऐसे ही निर्देश पोस्ट किए
पिछले साल भी सीआईए ने कोरियाई, मंदारिन और फारसी भाषा में ऐसे ही ऑनलाइन निर्देश पोस्ट किए थे। जिसमें बताया गया था कि कैसे कोई बिना खुद को खतरे में डाले खुफिया एजेंसी से संपर्क कर सकता है। इसमें यह भी बताया गया था कि सीआईए की वेबसाइट या डार्कनेट के जरिये संपर्क कैसे किया जा सकता है। CIA ने तीन साल पहले रूसी में भी इसी तरह के निर्देश पोस्ट किए थे।
ट्रंप के टैरिफ के बाद से दोनों देशों के बीच बढ़ा ट्रेड वॉर
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बीते महीने पारस्परिक टैरिफ की घोषणा की थी। इस दौरान ट्रंप ने चीन पर 145 फीसदी टैरिफ लगाया था। जवाब में चीन ने भी अमेरिका पर 245 टैरिफ लगाने की घोषणा की। जिसके बाद से दोनों देशों के बीच ट्रेड वॉर शुरू हो गया है।
संबंधित वीडियो