चीन के एक पीएचडी छात्र ने नशीला पदार्थ खिलाकर इंग्लैंड और चीन की 10 महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया। लंदन की एक अदालत ने छात्र को दोषी माना। वहीं पुलिस ने कहा कि पीड़िताओं की संख्या 50 से ज्यादा हो सकती है। आरोपी छात्र को कोर्ट 19 जून को सजा सुनाएगी।
इनर लंदन के क्राउन कोर्ट में एक महीने तक चली सुनवाई के दौरान कहा गया कि 28 वर्षीय झेनहाओ जू ने 2019 और 2023 के बीच घिनौनी करतूत को अंजाम दिया। उसे दुष्कर्म के 11 मामलों में दोषी ठहराया गया। न्यायाधीशों ने 19 घंटे से अधिक समय तक चली सुनवाई के दौरान पाया कि ज़ू ने लंदन में तीन और चीन में सात महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया था। हालांकि पुलिस केवल दो पीड़िताओं की पहचान कर पाई। पुलिस ने कोर्ट के फैसले के बाद कहा कि 50 से अधिक अन्य महिलाएं जू की शिकार हुई होंगी।
न्यायालय ने पाया कि आरोपी जू ने महिलाओं की अश्लील वीडियो भी बनाता था। यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन में पीएचडी कर रहे मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र जू ने दावा किया कि उसने यौन संबंध सहमति से बनाए थे। न्यायाधीश रोसिना कॉटेज ने छात्र को एक खतरनाक और हिंसक यौन अपराधी बताया। उन्होंने कहा कि उसकी सजा बहुत लंबी होगी।
छात्र जू को ताक-झांक के तीन मामलों, अश्लील चित्र रखने के 10 मामलों, झूठे कारावास के एक मामले और यौन अपराध करने के इरादे से नियंत्रित दवा ब्यूटेनडिऑल रखने के तीन मामलों में भी दोषी ठहराया गया। जबकि अश्लील चित्र रखने के दो मामलों, यौन अपराध करने के इरादे से एमडीएमए रखने के एक मामले से मुक्त कर दिया गया।
डेटिंग एप से करता था महिलाओं से दोस्ती
कोर्ट को बताया गया कि आरोपी जू वीचैट और डेटिंग ऐप्स पर चीनी मूल की साथी छात्रों से दोस्ती करता था और फिर उन्हें लंदन या चीन में किसी अज्ञात स्थान पर अपने अपार्टमेंट में शराब पीने के लिए आमंत्रित करता था और उन्हें नशीला पदार्थ दे देता था। पुलिस ने कहा कि उसने दुष्कर्म के दौरान पीड़िताओं को इतना नशा दिया कि वह उसकी हरकत का विरोध न कर सकें और कई मामलों में तो उन्हें यह भी याद नहीं रहता कि उनके साथ क्या हुआ था।
पुलिस ने उन दो महिलाओं को धन्यवाद दिया, जिन्होंने जू के खिलाफ गवाही दी। पुलिस ने कहा कि यह इस बात का सबूत है कि उसने संभवत: 50 अन्य महिलाओं के साथ ऐसा किया होगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जिन्हें लगता है कि जू ने उनको निशाना बनाया है कि वे पुलिस बल से संपर्क करें।
आरोपी जू 2017 में क्वीन्स यूनिवर्सिटी में मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के लिए बेलफास्ट, उत्तरी आयरलैंड आया था। इसके बाद 2019 में मास्टर डिग्री और फिर पीएचडी के लिए यूसीएल चले गए। यूसीएल के अध्यक्ष डॉ. माइकल स्पेंस ने कहा कि हमारी संवेदनाएं सभी के साथ हैं और हम उन महिलाओं की बहादुरी को नमन करते हैं, जिन्होंने इन अपराधों की रिपोर्ट की और मुकदमे में साक्ष्य दिए।
संबंधित वीडियो