अमेरिकी स्पेस फोर्स ने दावा किया है कि चीन के अंतरिक्ष यान ने एक रहस्यमय वस्तु पृथ्वी की कक्षा में छोड़ी है। हालांकि यह पता नहीं चल सका है कि सोमवार को छोड़ी गई यह वस्तु क्या है। अमेरिकी विशेषज्ञों का मानना है कि अज्ञात वस्तु चीन के प्राकृतिक विज्ञान फाउंडेशन द्वारा वित्तपोषित एक परियोजना से जुड़ी है।
ऑर्बिटल फोकस वेबसाइट के मुताबिक, यह वस्तु अपने मुख्य यान से 200 मीटर से कम की दूरी पर रहकर दूरी तय कर रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि ये पुनः उपयोग लायक अंतरिक्ष परिवहन प्रणाली के विकास से जुड़ा हो सकता है। अंतरिक्ष पर नजर रखने वालों का अनुमान है कि ये वस्तु एक छोटा उपग्रह हो सकता है, जिसे एक बड़े क्राफ्ट, सर्विस मॉड्यूल या परीक्षण के परिणाम की निगरानी के लिए बनाया गया हो।
इस प्रायोगिक अंतरिक्ष यान को गोबी रेगिस्तान में जिउक्वान से चार अगस्त को चीन के लॉन्ग मार्च 2एफ रॉकेट से लॉन्च किया गया और ये तीन महीने से कक्षा में है। हालांकि इस यान से रहस्यमय चीज कुछ समय पहले ही छोड़ी गई और अब अपनी कक्षा में स्थापित होने पर ही दिखाई दे रही है। चीन ने इस मिशन को लेकर चुप्पी साध रखी है।