चीन अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। वह लगातार भारत को घेरने की कोशिश में लगा है। अब अमेरिकी अधिकारियों ने चीन के बारे में बड़ा खुलासा किया है। अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन की ताजा रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन ने अफ्रीकी देश जिबूती में अपना सैन्य अड्डा स्थापित किया है। चीन के इस कदम से हिंद महासागर में भारत के लिए गंभीर चुनौतियां खड़ा होने का खतरा है।
19 देशों के साथ चीन ने की थी बैठक
चीन ने इस हफ्ते की शुरुआत में दक्षिण एशिया के सभी देशों सहित हिंद महासागर क्षेत्र के 19 देशों के साथ बैठक की थी। खास बात यह है कि इस बैठक में भारत को आमंत्रित नहीं किया गया था। यह बैठक रणनीतिक समुद्री क्षेत्र और प्रमुख समुद्री व्यापार मार्ग में बीजिंग के बढ़ते प्रभाव का ताजा संकेत है। बैठक में इंडोनेशिया, पाकिस्तान, म्यांमार, श्रीलंका, बांग्लादेश, मालदीव, नेपाल, अफगानिस्तान, ईरान, ओमान, दक्षिण अफ्रीका, केन्या, मोजाम्बिक, तंजानिया, सेशेल्स, मेडागास्कर, मॉरीशस, जिबूती और ऑस्ट्रेलिया सहित 19 देशों और तीन अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों ने इस बैठक में हिस्सा लिया। यह बैठक यून्नान प्रांत के कुनमिंग में साझा विकास समुद्री अर्थव्यवस्था के सिद्धांत पर आधारित हाइब्रिड यानी प्रत्यक्ष-ऑनलाइन तरीके से आयोजित की गई थी।