चीन के विदेश मंत्री किन गैंग और टेलीविजन एंकर फू जियाओटियन
- फोटो : AMAR UJALA
चीन के विदेश मंत्री किन गैंग पिछले कई दिनों से लापता हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, 57 वर्षीय राजनयिक को तीन सप्ताह से सार्वजनिक तौर पर नहीं देखा गया है। इसके चलते चीन में अब अटकलों का दौर तेज हो गया है। इस घटनाक्रम के बाद उनकी गर्लफ्रेंड फू जियाओटियन की चर्चा भी शुरू हो गई है।
China- Qin Gang
- फोटो : Agency (File Photo)
आइए जानते हैं चीनी विदेश मंत्री का मामला क्या है?
अचानक सार्वजनिक मंचों से चीन के विदेश मंत्री किन गैंग की अनुपस्थिति दुनियाभर में चर्चा का विषय बन चुकी है। उनकी आखिरी सार्वजनिक उपस्थिति 25 जून को उनके श्रीलंकाई समकक्ष के साथ एक बैठक में दर्ज की गई थी। किसी विदेश मंत्री के लिए सार्वजनिक रूप से नजर न आना अपने आप में एक सवाल है।
इस बीच अफवाहें फैलने लगी हैं कि अपने आक्रामक दृष्टिकोण के लिए मशहूर किन गैंग दिसंबर में पद संभालने के बाद से ही कम्युनिस्ट सरकार के नेतृत्व से नाराज चल रहे थे। अभी तक चीनी सरकार ने भी उनके बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। जब पिछले सप्ताह वह जकार्ता में दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के संगठन की बैठक में नहीं आए तो मंत्रालय ने 'स्वास्थ्य कारणों' का हवाला दिया। चीन के विदेश मंत्रालय ने अब पुष्टि की है कि मंत्री अब एक और प्रमुख सम्मेलन में भाग नहीं लेंगे। किन 24-25 जुलाई को दक्षिण अफ्रीका में ब्रिक्स वार्ता में शामिल नहीं होंगे।
चीन के विदेश मंत्री किन गैंग।
- फोटो : सोशल मीडिया
पिछले दिसंबर में बनें थे विदेश मंत्री
किन 2021 में अमेरिका में चीन के राजदूत बने थे। एक संक्षिप्त कार्यकाल के बाद पिछले दिसंबर में उन्हें विदेश मंत्री के रूप में पदोन्नत किया गया था। किन पेशेवर राजनयिक हैं और उन्हें चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग का भरोसेमंद सहयोगी माना जाता है। विदेश मंत्री के रूप में किन ने अमेरिका के ऊपर छोड़े गए एक संदिग्ध चीनी जासूसी गुब्बारे के मुद्दे पर वाशिंगटन को कड़ी फटकार लगाई थी। किन अमेरिका से पहले यूके के राजदूत भी रह चुके हैं।
टेलीविजन एंकर फू जियाओटियन
- फोटो : SOCIAL MEDIA
फू जियाओटियन कौन हैं?
चीनी मंत्री की गुमशुदगी के बाद अटकलें तेज हो गई हैं कि उनका टेलीविजन एंकर फू जियाओटियन के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। फू हांगकांग स्थित फीनिक्स टीवी की जानी मानी टेलीविजन एंकर और प्रोड्यूशर हैं। वह हांगकांग ब्रॉडकास्टर के 'टॉक विद वर्ल्ड लीडर्स' प्रोग्राम की होस्ट हैं। जानकारी के मुताबिक, वह अब तक 50 देशों के राजदूतों समेत 300 से अधिक राजनेताओं का इंटरव्यू ले चुकी हैं। इनमें पूर्व अमेरिकी विदेश सचिव हेनरी किसिंजर और संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव बान की मून शामिल हैं।
फू और उनके नवजात बेटे भी नहीं आ रहे बाहर
किन के साथ कुछ समय से फू और उनके नवजात बेटे को भी नहीं देखा गया है। कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट फू चीनी टेलीविजन पर सबसे जानी मानी शख्सियतों में से एक हैं और अक्सर देश के शीर्ष अधिकारियों का साक्षात्कार लेती हैं। इससे विशेषकर ताइवान और हांगकांग प्रेस में अफवाहें फैलने लगीं कि हो सकता है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा हो। सोशल मीडिया यूजर्स ने एक इंटरव्यू की ओर इशारा किया, जो पिछले साल मार्च में वाशिंगटन डीसी में लिया गया था, इसमें किन और फू कपल की तरह बर्ताव कर रहे थे।
यूजर्स ने नेताओं से बात करते समय फू की अक्सर ऐसे व्यवहार पर भी ध्यान दिया। एक यूजर ने कहा, 'लेकिन जब वह ऐसा व्यवहार एक उच्च चीनी अधिकारी से करती हैं, तो उन्होंने चीनी राज्य सुरक्षा मंत्रालय के नियमों का उल्लंघन किया होगा।' साक्षात्कार मार्च 2022 में हुआ। फू ने उसी साल नवंबर में अपने बच्चे को जन्म दिया।
टेलीविजन एंकर फू जियाओटियन, चीन के विदेश मंत्री किन गैंग
- फोटो : SOCIAL MEDIA
अक्सर सोशल मीडिया पोस्ट से लगने लगते हैं कयास
दावा किया गया है कि जब किन को विदेश मंत्री के रूप में पदोन्नत किया गया था, तब फू ने अपने बेटे की एक तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वीबो पर पोस्ट की थी। फू ने फोटो के साथ 'एक विजयी शुरुआत' कैप्शन दिया था। इससे कुछ लोगों ने अनुमान लगाया कि वह अब विदेश मंत्री को बधाई दे रही थीं। फिर इस साल 19 मार्च को उन्होंने यह बताए बिना जन्मदिन की शुभकामनाएं पोस्ट कीं कि ये शुभकामनाएं किसके लिए थीं। किन का जन्म 19 मार्च, 1966 को हुआ था, इसलिए बिन्दुओं को जोड़ते हुए यूजर्स ने फिर किन कनेक्शन निकाला।
टेलीविजन एंकर फू जियाओटियन
- फोटो : SOCIAL MEDIA
अंतिम पोस्ट भी किन से जुड़ी
वहीं लापता होने से पहले अपने आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट में फू ने एक जेट की तस्वीरें शेयर की थीं। इसमें फू ने किन के साथ साक्षात्कार का एक स्क्रीन शॉट और अपने बेटे के साथ अपनी एक तस्वीर साझा की।