हांगकांग में विरोध प्रदर्शन (फाइल फोटो)
- फोटो : सोशल मीडिया
हांगकांग में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच गुरुवार को चीन की सेना ने हांगकांग की सीमा के पास शेनजेन शहर के खेल स्टेडियम में लाल झंडा फहराते हुए गुरुवार को परेड निकाली। परेड में हजारों की संख्या में चीनी सैनिक मौजूद रहे। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस लेकर हालात शांतिपूर्ण रहने की उम्मीद जताई है।
परेड के दौरान शेनजेन के स्टेडियम के भीतर बख्तरबंद वाहन भी नजर आए। यह कार्यक्रम ऐसे समय में आयोजित किया गया है जब इस बात को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं कि हांगकांग में जारी 10 सप्ताह के तनाव को खत्म करने में चीन हस्तक्षेप कर सकता है।
सरकारी मीडिया ने इस हफ्ते खबर दी थी कि पीपुल्स आर्म्ड पुलिस (पीएपी) से जुड़े लोग शेनजेन में जमा हो रहे हैं। पीएपी केंद्रीय सैन्य आयोग के कमान के तहत आती है। दो सबसे शक्तिशाली मीडिया संगठन, ‘पीपुल्स डेली’ और ‘ग्लोबल टाइम्स’ ने शेनजेन में पीएपी के जवानों के एकत्रित होने के संबंध में सोमवार को वीडियो जारी किए थे।
ग्लोबल टाइम्स के मुख्य संपादक हू शीजीन ने कहा कि शेनजेन में सेना की मौजूदगी इस बात का संकेत है कि चीन हांगकांग में हस्तक्षेप की तैयारी में है। चीनी अधिकारियों ने इस हफ्ते दो मौकों पर हांगकांग में जारी हिंसक प्रदर्शनों को आतंकवाद से जुड़ा हुआ करार दिया। वे प्रदर्शनकारियों को लगातार दंगाई कहते आ रहे हैं।