हवाई यात्रा का भविष्य अब इलेक्ट्रिक विमानों की ओर बढ़ रहा है। चीन ने पहले इलेक्ट्रिक यात्री विमान सीई-25ए की पहली मानव-संचालित परीक्षण उड़ान शनिवार को सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। शानदोंग प्रांत के बिनझोउ में 19 यात्रियों की क्षमता वाले इस विमान में दो पायलट और एक फ्लाइट टेस्ट इंजीनियर सवार थे। यह विमान 300 किमी/घंटे की रफ्तार से उड़ सकता है।
चीन की सरकारी विमान निर्माता कंपनी कॉमैक के मुताबिक, 10 टन अधिकतम टेकऑफ वजन वाले इस विमान को 2,400 मीटर की ऊंचाई पर उड़ान भरने के लिए डिजाइन किया गया है। विमान को कॉमैक ने चीन की बैटरी निर्माता कंपनी सीएटीएल, विवि और अन्य साझेदारों के साथ मिलकर विकसित किया है। यह परीक्षण इलेक्ट्रिक विमानन को छोटे प्रायोगिक विमानों से आगे बढ़ाकर वाणिज्यिक यात्री परिवहन की ओर ले जाने में अहम माना जा रहा है।
- 10 टन वजन ले जा सकेगा विमान
- 2400 मीटर की ऊंचाई तक उड़ सकेगा
- 400 किमी दूरी तय करेगा एक बार चार्ज होने पर
16 मिनट 38 सेकंड हवा में रहा विमान
इस विमान ने 60.4 किमी की दूरी तय की और 16 मिनट 38 सेकंड तक हवा में रहा। इससे पहले इसके 19 परीक्षण हो चुके थे, लेकिन सभी मानवरहित थे। विमान ने इसी वर्ष 2 फरवरी को पहली बार बिना पायलट के स्वचालित उड़ान भरी थी।
व्यावसायिक उड़ान के लिए अभी इंतजार
चीन के नागरिक उड्डयन प्रशासन ने इसके टाइप सर्टिफिकेट का आवेदन स्वीकार कर लिया है। अब सुरक्षा, तकनीकी प्रदर्शन और अन्य जरूरी प्रमाणन प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी।
30 से अधिक देशों में छोटे इलेक्ट्रिक ट्रक विमान
स्लोवेनिया की कंपनी पिपिस्ट्रेल का दो सीटों वाला वेलिस इलेक्ट्रो दुनिया का पहला पूर्ण टाइप-सर्टिफाइड बैटरी चालित विमान है। इसका इस्तेमाल फ्रांस, ब्रिटेन, स्वीडन, स्विट्जरलैंड, नॉर्वे और स्लोवेनिया समेत 30 से अधिक देशों में उड़ान प्रशिक्षण के लिए हो रहा है। हालांकि, ये छोटे प्रशिक्षण विमान हैं, यात्रियों को ले जाने वाले वाणिज्यिक विमान नहीं।
भारत में भी चल रहा काम
वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद की बंगलूरू स्थित नेशनल एयरोस्पेस लैबोरेट्रीज दो सीटों वाला इलेक्ट्रिक हंसा प्रशिक्षण विमान और चेन्नई की उबिफ्लाई टेक्नोलॉजीज तीन सीटों वाला ई-प्लेन ई200एक्स विकसित कर रही है।