चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को उनके दूसरे कार्यकाल से पहले देश का ‘मुख्य नेता’ घोषित किया गया है। चीन की संसद ने भी जिनपिंग के इस दर्जे को मंजूरी दे दी है। इसके बाद देश के राष्ट्रपति की शक्तियां और भी बढ़ गई हैं।
सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी पहले ही शी के मुख्य नेता के दर्जे पर मुहर लगा चुकी है। इससे 63 वर्षीय शी का कद पार्टी के संस्थापक माओत्से तुंग, उनके उत्तराधिकारी एवं सुधारवादी नेता देंग जियाओपिंग के बराबर हो गया है।
इसके साथ ही चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) की सामूहिक नेतृत्व प्रणाली में शी का ओहदा दूसरों की तुलना में और भी बढ़ गया है। चीन के शीर्ष नेता झांग देजियांग ने कहा कि सांसदों को सीपीसी की केंद्रीय समिति में शी को कोर लीडर मानते हुए एकजुट हो जाना चाहिए।
नेशनल पीपुल्स कांग्रेस स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन झांग ने कहा कि मुख्य नेता के तौर पर शी को पार्टी के सभी सदस्यों, सेना के सभी जवानों और चीन की जनता का पूरा समर्थन है।