रूस के दूरसंचार प्रहरी ने देश के इंटरनेट नियमों का पालन ना करने के लिए चीन के लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप वीचैट पर प्रतिबंध लगा दिया है। साउथ चाइना मार्निंग पोस्ट ने शनिवार को बताया कि देश की दूरसंचार प्रहरी एजेंसी रोस्कोम्नादजोर ने प्रतिबंधित वेबसाइटों की सूची में वीचैट को डाल दिया है।
यह ऐप टेनसेंट टेक्नोलॉजी ने बनाई है। शेनजेन स्थित कंपनी ने एक संक्षिप्त बयान में कहा, ‘टेनसेंट को इस बात की जानकारी है और हम मामले को लेकर रूसी अधिकारियों से बात कर रहे हैं।’कंपनी ने कहा कि रूस में इंटरनेट सेवा प्रदाताओं के लिए संबंधित सरकारी निकायों में पंजीकरण करने की जरूरत होती है लेकिन इस मुद्दे को लेकर टेनेसेंट की ‘एक अलग समझ थी।’ रोस्कोम्नादजोर के अनुसार सूचना, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सूचना सुरक्षा संबंधी कानून के अनुच्छेद 15.4 के आधार पर ऐप तक पहुंच पर रोक लगा दी गई।