कालेधन पर लगाम कसने के लिए 8 नवंबर को लिए गए पीएम मोदी के नोटबंदी के फैसले की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा हो रही है। चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने नोटबंदी के फैसले को साहसिक बताते हुए लिखा कि अगर चीन में 50 और 100 युआन के नोट बंद कर दिया जाए तो चीन में इसका असर क्या होगा हम सोच नहीं सकते।
अखबार ने संपादकीय में प्रधानमंत्री मोदी के निर्णय को एक जुआ बताते हुए लिखा कि भारत में 90 प्रतिशत से ज्यादा लेन-देन नकद में होता है। ऐसे में वहां की 85 फीसदी करेंसी को चलन से बाहर करने से लोगों को रोजमर्रा के जीवन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अखबार ने संपादकीय में आगे लिखा, 'भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में इस तरह के साहसिक निर्णय लेने के लिए जगह बहुत कम है। मोदी सफल हों या विफल, लेकिन इस तरह का फैसला एक मिसाल कायम करेगा। सुधार लाने में हमेशा दिक्कत होती है और इसके लिए साहस की जरूर होती है।'