भारत और चीन एक बार फिर सिक्किम में नाथूला दर्रे के जरिए कैलाश मानसरोवर यात्रा शुरू करने पर रविवार को सहमत हो गए। दोकलम पर दोनों देशों में हुए विवाद के बाद 10 महीने पहले इस रास्ते से श्रद्धालुओं का आवागमन रोक दिया गया था। सुषमा और वांग की मुलाकात में इस पर सहमति बनी।
साझा बयान में सुषमा ने कहा, हम भी खुश हैं कि कैलाश मानसरोवर यात्रा नाथू ला दर्रे के जरिए इस साल फिर शुरू हो रही है। मैं चीन के पूर्ण सहयोग के प्रति आश्वस्त हूं। विदेश मंत्रालय धार्मिक महत्व वाली कैलाश मानसरोवर यात्रा का हर साल जून से सितंबर तक आयोजन करता है। यात्रा दो रास्तों लिपुलेख दर्रा (उत्तराखंड) और नाथू ला दर्रा (सिक्किम) के जरिए कराई जाती है।