चीन के शिनजियांग प्रांत से आ रही खबरों के अनुसार, चीनी अधिकारियों ने स्थानीय मुसलमान आबादी से नमाज के दौरान इस्तेमाल होने वाली चटाई और कुरान समेत सभी धार्मिक सामानों को जमा करने का आदेश दिया है। 'रेडियो फ्री एशिया' के मुताबिक, यहां ज्यादातर मुसलमान वीगर, कज्जाख और किर्गिज मूल के हैं।
इस बीच, समाचार एजेंसी पीटीआई ने चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता का हवाला देते हुए कहा है कि शिनजियांग प्रांत में शांति है और स्थानीय लोग शांतिपूर्वक रह रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि लोग अफवाहों और निराधार आरोपों से दूर रहेंगे।
उधर, रेडियो फ्री एशिया के मुताबिक अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और मस्जिदों से कहा है कि इन आदेशों का तत्काल पालन करें या सजा के लिए तैयार रहें। पिछले कुछ सालों से शिनजियांग में मुसलमानों को लंबी दाढी रखने और रमजान के दिनों में रोजा रखने पर भी पाबंदियां लगाई जाती रही हैं। पिछले बुधवार को कजाखस्तान की सीमा के पास आल्टे इलाके के एक व्यक्ति ने रेडियो को बताया कि सभी गांवों और काउंटी स्तरों पर कुरान जब्त किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लगभग हर घर में एक कुरान है। निर्वासित ग्लोबल वीगर कांग्रेस के प्रवक्ता डिलसैट रैक्सिट के अनुसार, पिछले सप्ताह से काशगर, हुनान और अन्य क्षेत्रों से इसी तरह की कार्रवाई की जानकारी मिली है।