वन बेल्ट वन रोड (ओबीओआर) योजना में भारत को शामिल कराने के लिए चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) का नाम बदलने संबंधी प्रस्ताव को विदेश मामलों के विशेषज्ञ चीन के नए दांव के रूप में देख रहे हैं।
विदेश मामलों के विशेषज्ञों का मानना है कि चीन इस प्रस्ताव के जरिए भारत का रुख भांपना चाहता है। यही कारण है कि चीन ने सीपीईसी का नाम बदलने का प्रस्ताव देने के साथ ही भारत-पाकिस्तान के सीमा विवाद में नहीं पड़ने की भी बात कही है।
गौरतलब है कि चीन कई बार भारत से ओबीओआर में शामिल होने की अपील करता रहा है। हालांकि भारत इसी योजना के तहत बनने वाले सीपीईसी के पाक अधिकृत क्षेत्र से गुजारने के कारण अपना लगातार विरोध दर्ज कराया है।
पूर्व विदेश सचिव सलमान हैदर के मुताबिक ओबीओआर में भारत को शामिल कराने की चीन की यह पहली कोशिश नहीं है। नया यह है कि इस बार उसने सीपीईसी का नाम बदलने और भारत-पाकिस्तान सीमा विवाद में नहीं पड़ने की बात कही है।