चीनी मीडिया के हवाले से खबर है कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने चीन के डालियान में मुलाकात की है। इस मुलाकात पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है। ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति को किम से मिलने के लिए बधाई देते हुए कहा है कि इससे उत्तर कोरिया के प्रति दुनिया का विश्वास बढ़ेगा।
बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन की बहुप्रतीक्षित मुलाकात जून में सिंगापुर में हो सकती है। दक्षिण कोरिया के अखबार चोसुन इल्बो ने सोमवार को प्रकाशित अपनी रिपोर्ट में यह दावा किया था। ट्रंप ने भी पिछले हफ्ते अमेरिका में रैली के दौरान कहा था कि किम से उनकी मुलाकात की जगह और तारीख तय हो गई है। हम जल्द इसकी घोषणा करेंगे। हालांकि इसकी विस्तृत जानकार उन्होंने नहीं दी थी।
ट्रंप और किम के बीच यह पहली बैठक होगी। चोसुन इल्बो ने एक राजनयिक सूत्र के हवाले से यह दावा किया। सूत्र ने ट्रंप और उनके राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन के बीच हुई बातचीत के आधार पर यह जानकारी दी थी। बोल्टन ने पिछले हफ्ते वार्ता की तारीख और जगह के मुद्दे पर दक्षिण कोरियाई समकक्ष चुंग इयू यांग से भी मुलाकात की थी।
रिपोर्ट के मुताबिक सिंगापुर में दोनों नेताओं की मुलाकात की संभावना बढ़ गई है क्योंकि इस महीने 25 तारीख को व्हाइट हाउस में ट्रंप और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे इन की वार्ता तय हो चुकी है। इससे पहले दक्षिण कोरिया की न्यूज एजेंसी योनहाल ने भी सिंगापुर में मुलाकात की संभावना का दावा किया था।